IMS-BHU के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में जांघ की बीस साल पुरानी बड़ी गांठ का इलाज
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में गाजीपुर के एक 50 वर्षीय मरीज की बाईं जांघ से 20 साल ...और पढ़ें

IMS-BHU में 20 साल पुरानी जांघ की जटिल गांठ का सफल ऑपरेशन।
HighLights
IMS-BHU में 20 साल पुरानी जांघ की गांठ का सफल ऑपरेशन।
गाजीपुर के 50 वर्षीय मरीज की जटिल शल्य चिकित्सा संपन्न हुई।
डॉ. प्रखर जायसवाल के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने किया ऑपरेशन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS-BHU) के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में गाजीपुर निवासी 50 वर्षीय पुरुष मरीज की बाईं जांघ में मौजूद बड़े आकार के गांठ की सफल शल्य चिकित्सा की है।
मरीज के अनुसार, उनकी जांघ में यह सूजन लगभग 20 वर्षों से मौजूद थी। पिछले तीन वर्षों में इसका आकार तेजी से बढ़ने लगा था। इस दौरान मरीज ने अनेक चिकित्सकों से परामर्श लिया और विभिन्न स्थानों पर उपचार की तलाश की। लंबे समय से मौजूद इस गाँठ और इसके लगातार बढ़ते आकार के कारण मरीज काफी परेशान थे।
बताया कि यहां अल्ट्रासोनोग्राफी में बाईं जांघ की मांसपेशियों के भीतर एक बड़ी, ठोस एवं विषम संरचना वाली गांठ पाई गई थी। इसके आकार और स्थिति को देखते हुए विस्तृत चिकित्सकीय मूल्यांकन तथा सावधानीपूर्वक शल्य चिकित्सा की योजना बनाना आवश्यक था।
गांठ का आकार अत्यधिक बड़ा होने तथा बाईं निचली टांग को रक्त आपूर्ति करने वाली प्रमुख रक्त वाहिकाओं और तंत्रिकाओं के निकट स्थित होने के कारण यह ऑपरेशन जटिल एवं जोखिमपूर्ण था। ऐसी स्थिति में आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं को सुरक्षित रखते हुए गांठ को निकालने के लिए अत्यंत सावधानीपूर्वक शल्य विच्छेदन और विभिन्न विशेषज्ञों के बीच समन्वय आवश्यक था।
मरीज को प्रो. डॉ. राम निवास मीणा के अधीन भर्ती किया गया था। उनके साथ इस शल्य प्रक्रिया का नेतृत्व डॉ. प्रखर जायसवाल, सहायक आचार्य, सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग ने किया। शल्य चिकित्सा दल में जूनियर रेजिडेंट डॉ. तुषार, डॉ. सवन्ना एवं डॉ. अंकित मीणा शामिल थे। एनेस्थीसिया दल में परामर्शदाता डॉ. एस. पी. मिश्रा तथा जूनियर रेजिडेंट डॉ. पुनीत शामिल रहे। ऑपरेशन के दौरान नर्स अपराजिता और ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन संजय ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस जटिल मामले के प्रबंधन में सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग के यूनिट प्रभारी प्रो. डॉ. राहुल खन्ना तथा प्रो. डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा का शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। संस्थान के प्रमुख पदाधिकारियों में सामान्य शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एस. के. भारतीय, सर सुंदरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुनीत तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान, BHU के निदेशक प्रो. डॉ. एस. एन. संखवार शामिल हैं।
