ट्रेनों ने बढ़ाई लोगों की दुश्वारी, जानिए किस रूट पर ट्रेनें हुईं रद और कहां का रास्ता हुआ क्लियर
दो दिनों की मुश्किल के बाद मंगलवार को मुंबई की राह आसान हुई। वाराणसी से कामायनी महानगरी एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें मुंबई के लिए रवाना हुईं तो यात्रियों ने राहत की सांस ली।
वाराणसी, जेएनएन। दो दिनों की मुश्किल के बाद मंगलवार को मुंबई की राह आसान हुई। वाराणसी से कामायनी, महानगरी एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनें मुंबई के लिए रवाना हुईं तो यात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रैक पर ट्रेनों के तीसरे दिन आने से यात्री लटककर सफर करने को बेताब नजर आए। मुंबई की ट्रेनों के बारे में दी जाती रही जानकारी कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को मुंबई जाने वाली ट्रेनों के बारे में पूरे दिन जानकारी दी गई, ताकि यात्री राहत की सांस ले सकें। मुंबई की बाढ़ से परिचित लोग आशंकित रहे कि एक सप्ताह से पूर्व राहत नहीं मिल सकेगी। ऐसे में अप्रत्याशित रूप से ट्रेनें रवाना हुईं तो यात्रियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।
काशी विश्वनाथ के दर्शन को आए बड़ी संख्या में लोग फंसे थे मुंबई से सैकड़ों की तादाद में लोग काशी में काशी विश्वनाथ के दर्शन को पहुंचे थे। रविवार को रात में ही पहुंच गए, ताकि सोमवार को दर्शन कर लौट जाएंगे। बाढ़ के कारण उनकी सोच में पलीता लग गया। मंगलवार को दूसरे ही दिन मुंबई की ट्रेनें रवाना हुईं।
रत्नागिरी एक्सप्रेस रही निरस्त : मुंबई जाने वाली ट्रेनों में 12166 रत्नागिरी एक्सप्रेस मंगलवार को निरस्त रही। इस ट्रेन के यात्रियों को परेशानियों का सामान करना पड़ा। असल में पहले से इस ट्रेन में बड़ी संख्या में लोगों ने सीटों का आरक्षण करा लिया था।
स्वतंत्रता सेनानी आज रद : जयनगर से दिल्ली जाने वाली 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस आज रद रहेगी। डाउन स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस नौ अगस्त को भी रद रहेगी। दोनों ट्रेनों के निरस्त होने की ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप