विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में नमो घाट पर एयर शो के लिए यातायात मार्ग और पार्किंग व्यवस्था घोषित, जान लें पूरा रूट

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 21 Oct 2026 06:39 PM (IST)

वाराणसी के नमो घाट पर अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित एयर शो के लिए यातायात और पार्किंग व्यवस्था घोषित की गई ...और पढ़ें

वाराणसी नमो घाट एयर शो 2026: यातायात और पार्किंग का पूरा रूट मैप जारी।

वाराणसी नमो घाट एयर शो 2026: यातायात और पार्किंग का पूरा रूट मैप जारी।

HighLights

  1. नमो घाट एयर शो के लिए यातायात व्यवस्था तय।

  2. राजघाट, सामने घाट पुल पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित।

  3. दोपहिया, चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। नमो घाट क्षेत्र में 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर यातायात और पार्किंग व्यवस्था तय कर दी गई है। इन तीनों तिथियों पर सुबह 08:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। चंदौली पुलिस ने आमजन से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की है।

कार्यक्रम के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली के थाना मुगलसराय और थाना अलीनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन चालकों से कहा गया है कि वे वाराणसी जाने के लिए इन दोनों पुलों का इस्तेमाल न करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाएं।

एयर शो देखने आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड पर तय पार्किंग स्थल तक जाने की अनुमति होगी। उन्हें वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने होंगे।

बिहार, चंदौली और अन्य जनपदों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर होते हुए मुगलसराय की ओर निर्धारित मार्ग से पड़ाव क्षेत्र में आवंटित पार्किंग स्थलों तक जाएंगे। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआइ गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे का ग्राउंड तय किया गया है। दोपहिया वाहन एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे। वाहन चालकों से सड़क, मुख्य मार्ग या प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन खड़े न करने को कहा गया है, ताकि यातायात बाधित न हो।

पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने पर बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालक यातायात पुलिस के निर्देशानुसार निर्धारित मार्ग से वहां पहुंचेंगे। पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति के अनुसार पुलिस आगे के निर्देश देगी।

एयर शो में शामिल न होने वाले और वाराणसी (बाबतपुर), प्रयागराज, मीरजापुर तथा अन्य जनपदों की ओर जाने वाले वाहन एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचें। ऐसे वाहन चालकों को पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने तथा वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने वाहन चालकों से बैरियर और संकेतकों का पालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश मानने की अपील की है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता देना होगा। निर्धारित यातायात और पार्किंग व्यवस्था का पालन कर लोग यातायात सुचारु रखने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।