Top Varanasi News Of The Day, 21 August 2019 : मंत्रिमंडल में बनारस से तीन चेहरे, गंगा में बढाव जारी, पूर्वांचल के खेतों में बरस रही राहत
बुधवार को दिन भर बनारस शहर की कई खबरों ने सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की तीन प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने बुधवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें मंत्रिमंडल में बनारस से तीन चेहरे, गंगा में बढाव जारी, पूर्वांचल के खेतों में बरस रही राहत आदि खबरें सर्वाधिक चर्चा में रहीं। जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की तीन प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी से विधायक रवींद्र जायसवाल बने मंत्री, अनिल राजभर और नीलकंठ तिवारी का प्रमोशन
पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय सीट काशी से लंबे समय से सक्रिय रहे भाजपा विधायकों को मंत्रिमंडल विस्तार में कई नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में एक बार फिर बनारस ने बाजी मारी है। इसमें शहर उत्तरी से दो बार भाजपा के विधायक रहे वरिष्ठ नेता रवींद्र जायसवाल को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। यहीं से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे अनिल राजभर का प्रमोशन कर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। जबकि नीलकंठ तिवारी को भी नए दायित्व सौंपे गए हैं।
वाराणसी में गंगा नदी में बढ़ाव जारी, बलिया में खतरा बिंदु और गाजीपुर में खतरा निशान के करीब
मैदानी और पहाड़ी इलाकों में लगातार हाे रही बरसात की वजह से गंगा नदी में भी उफान की स्थिति बनी हुई है। बलिया में जहां गंगा पहले से ही खतरा बिंदु पार कर चुकी है वहीं गाजीपुर में चेतावनी बिंदु गंगा नदी पार कर चुकी है। वाराणसी में कुछ ही सेंटीमीटर चेतावनी बिंदु से जलस्तर दूर है। राहत की बात इतनी ही है कि इलाहाबाद में गंगा का रुख घटाव की ओर है और मीरजापुर में जलस्तर सुबह से स्थिर है। वहीं बुधवार दोपहर बाद वाराणसी में मारुति नगर कालोनी में बाढ़ का पानी आने के बाद आशंकावश लोग पलायन की तैयारी कर रहे हैं।
पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही के बीच खेतों में बरस रही राहत, तापमान में भी गिरावट
पूर्वांचल में सप्ताह भर से मौसम का रुख एक बार फिर से बदला हुआ है। मानसूनी द्रोणिका के उत्तर में हाेने के बाद बादल बारिश भी करा रहे हैं। बुधवार की सुबह से ही आसमान में बादलों और बारिश का रुख बना रहा। दिन चढ़ने तक रह रहकर बारिश होती रही और ठंडी हवाओं का रुख भी करकरार है। दोपहर बाद थोडी देर के लिए धूप भी खिली मगर जल्द ही बादल छा गए। मौसम विज्ञानियों के अनुसान आने वाले दिनों में भी मौसम का अमूमन यही रुख बना रहेगा।