Top Varanasi News Of The Day, 15 July 2019 : गंगा आरती का बदला समय, मुर्गे के नाम पर लूट, भाजपा का प्रशिक्षण शिविर
सोमवार को दिन भर बनारस शहर की कई खबरों ने सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की तीन प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें चंद्र ग्रहण के कारण वाराणसी में मां गंगा की आरती का बदला गया समय, मुर्गे के नाम पर बनाते थे 'मुर्गा' अौर लूटकर हो जाते थे फरार, आखिरकार हो गए गिरफ्तार, सतत अभ्यास से ही मिलती है नई दिशा और इसी से लक्ष्य की प्राप्ति संभव : सुनील ओझा आदि खबरें सर्वाधिक चर्चा में रहीं। जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की तीन प्रमुख और चर्चित खबरें।
चंद्र ग्रहण के कारण वाराणसी में मां गंगा की आरती का बदला गया समय
आषाढ़ पूर्णिमा पर मंगलवार को गुरु दर्शन के अगले दिन सावन शुरू हो जाएगा। इस बार चंद्र ग्रहण के कारण गुरु दर्शन शाम तक ही होगा तो बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए भक्तों को इंतजार करना होगा। चंद्र ग्रहण 16 की रात 1.31 बजे लग रहा है जो 17 की भोर 4.30 बजे खत्म होगा। इससे बाबा की आरती दो घंटे विलंब से शुरू होगी और जलाभिषेक भी आरती के बाद ही संभव हो सकेगा। सूतक लगने के चलते गुरुपूर्णिमा पर दर्शन भी शाम चार बजे तक ही हो सकेगा। घाट पर होने वाली मां गंगा की आरती का समय भी आयोजकों ने चंद्र ग्रहण के लिए बदल दिया है।
मुर्गे के नाम पर बनाते थे 'मुर्गा' अौर लूटकर हो जाते थे फरार, आखिरकार हो गए गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच और फूलपुर पुलिस ने सस्ते दर पर मुर्गा बेचने का झांसा देकर कारोबारियों से लूट करने करने गिरोह का राजफाश किया है। पुलिस ने लूट करने वाले तीन बदमाश दीपक, अजीत, अभिषेक को डांगरडीह के पास गिरफ्तार कर लिया। तीनों जौनपुर के चंदवक व केराकत के रहने वाले थे। इनके पास से लूट के 50 हजार रुपये, दो फोन, दो बाइक, एक तमंचा व दो चाकू बरामद हुआ है।
सतत अभ्यास से ही मिलती है नई दिशा और इसी से लक्ष्य की प्राप्ति संभव : सुनील ओझा
यह प्रशिक्षण वर्ग नहीं है बल्कि यह अभ्यास वर्ग है, आप सभी जानते हैं कि भारतीय जनता पार्टी में अभ्यास का कार्यक्रम सतत चलता रहता है, अभ्यास से हम लोगों को नई दिशा मिलती है। उक्त विचार पार्टी के प्रदेश सहप्रभारी सुनील ओझा के हैं। सोमवार को पहड़िया स्थित सुरभि इंटरनेशनल होटल में आयोजित भाजपा के काशी क्षेत्र के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का उदघाटन कर वे कार्यकर्ताओ को संबोधित कर रहे थे।