Top Varanasi News Of The Day, 13 January 2020 : वाराणसी पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, गणेश चतुर्थी पर मंदिरों में उमड़ा रेला, दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक की धुनाई
बनारस शहर की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें वाराणसी पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, गणेश चतुर्थी पर मंदिरों में उमड़ा रेला, दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक की धुनाई, वृद्ध ने गंगा में लगाई छलांग, गुनगुनी धूप दे रही राहत आदि खबरें रहीं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू बोले - 'मायावती भाजपा एजेंट के रूप में काम कर रही हैं'
पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि बसपा सुप्रीमो मायावती भाजपा के एजेंट के तौर पर काम कर रही हैं। सीबीआइ, ईडी जैसे उनको घुमा रही है वैसे वह घूम रही हैं। उनको जनता के हितों से कोई भी लेना देना नहीं है। संविधान की रक्षा को लेकर नई दिल्ली में आयोजित बैठक से दूरी बनाने का संकेत दे रहा है कि वो भाजपा के विचारों के साथ हैं। तेलियाबाग में प्रदेश व जिला अध्यक्षों की बैठक से पूर्व पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू कर दिया जाय तो भी प्रदेश में कानून व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी।
गणेश चतुर्थी पर प्रमुख गणेश मंदिरों में समृद्धि और कल्याण की कामना से आस्थावानों का उमड़ा रेला
गणेश चतुर्थी व्रत पर्व के मौके पर सोमवार को शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में आस्थावानों का रेला उमड़ा। सुबह से ही महिलाओं ने गंगा स्नान कर मंदिर में दर्शन पूजन कर पुत्र के यश के लिए मंगलकामना करने के साथ ही दान पुण्य कर परिवार की खुशहाली व श्री समृद्धि की कामना की। सुबह से इसके लिए घाटों और मंदिरों में आस्था का रेला उमड़ता रहा। सोमवार का दिन होने की वजह से से शिव मंदिरों में भी आस्थावानों ने हाजिरी लगाकर पुण्य की कामना की। ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी ने बताया कि भगवान श्रीगणेश की विघ्न विनाशक तथा सभी तरह के संकटों से मुक्ति दिलाने वाले देवता के रूप में मान्यता है। मान्यता है कि गणेश चतुर्थी पर पुत्र के दीर्घायु व संतान सुख की सभी मनोकामना पूर्ण होने के लिए महिलाएं व्रत करती हैं। तिथि विशेष पर सुबह स्नानादि से निवृत्त हो संकल्पों के साथ दिन भर व्रत रखती हैं और रात में चंद्र दर्शन कर अर्घ्य देकर पारन करती हैं।
बच्ची संग दुष्कर्म का प्रयास करने वाले युवक की जमकर धुनाई, नशे में धुत आरोपी पुलिस हिरासत में
लंका थाना क्षेत्र के नगवां रविदास पार्क के पास रहने वाली एक छह वर्ष की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले नशे में धुत एक युवक की आसपास के लोगों ने जमकर पिटाई की दी। युवक की पिटाई करने के बाद लोगों ने पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। नगवां रविदास पार्क के पास रहने वाली महिला का युवक पर आरोप है कि सोमवार को वह 11 बजे नहा रही थी। इसी दौरान उसकी छह वर्ष की मासूम बच्ची पार्क के पास ही खेल रही थी, इस दौरान युवक वहां पहुंचकर पहले कुछ देर खड़ा होकर देखने लगा जिसके बाद मासूम का मुंह दबाकर पार्क के पीछे ले जाने लगा। इस दाैरान मौजूद आसपास के लोगों को उसकी हरकत पर शक हुआ और पास पहुंचे तो वह नशे में धुत पाया गया। इसके बाद आरोपित की वहां मौजूद लोगों ने जमकर धुनाई कर दी।
वाराणसी में पत्नी वियोग में वृद्ध ने गंगा में लगाई छलांग, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया भर्ती
रामनगर में सामने घाट पक्का पुल पर सोमवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब नगर के वारीगड़ही निवासी सुभाष (60) ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान घाट किनारे मौजूद मल्लाहों ने अचेतावस्था में नदी से बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे थाना प्रमुख नरेश कुमार सिंह ने लोगों के सहयोग से एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कहा कि पत्नी के वियोग में वृद्ध ने ऐसा कदम उठाया था। बताया कि पत्नी कहीं चली गई थी तब से काफी परेशान था। वहीं जान देने की कोशिश के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
कोहरा और गलन के बीच गुनगुनी धूप दे रही राहत, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
पूर्वांचल में बीते दो दिनों से कोहरा और गलन का दौर जारी है। सुबह व शाम को गलन के बीच चलने वाली ठंडी हवाओं से वातावरण में भी गलन घुली हुई है। सोमवार सुबह भी गलन, ठंडी हवा और कोहरे में लिपटी नजर आई। ठंड के बीच सुबह आठ बजे कई क्षेत्रों में कोहरे के बीच सूरज की दस्तक ने लोगों को राहत दी और लोग धूप सेंकने निकले। मौसम विभाग ने आने वाले एक से दो दिनों में एक बार फिर मौसम के बदलने की आशंका जाहिर की है। बीते चौबीस घंटों में 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान, 19.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा बना रहा। इस दौरान 98 फीसद अधिकतम आर्द्रता, 51 फीसद न्यूनतम आर्द्रता दर्ज की गई।