Top 5 Varanasi News Of The Day 24 September 2020 : विदेश मंत्रालय से शिकायत पर मुकदमा, एक्वेरियम की मछलियों से गंगा में तबाही, थानाध्यक्ष और उप निरीक्षक लाइनहाजिर
बनारस शहर की कई खबरों ने गुरुवार यानी 24 सितंबर को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें जो दिन भर चर्चा में बनी रहीं अौर लोगों की नजरें भी उन खबरों पर रही।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने गुरुवार वार यानी 24 सितंबर को सुर्खियां बटोरीं जिनमें विदेश मंत्रालय से शिकायत पर मुकदमा, एक्वेरियम की मछलियों से गंगा में तबाही, थानाध्यक्ष और उप निरीक्षक लाइनहाजिर, पूर्वांचल में नदियों का जलस्तर स्थिर, बादलों की कैद में सारा आकाश आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
विदेश में नौकरी का लालच देकर एक लाख ठगे‚ विदेश मंत्रालय से शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज
विदेश में अच्छी खासी नौकरी पाने की आस में एक युवक ने करीब एक लाख साठ हजार रूपए गवां दिये। एक लाख रूपए उसने विदेश में नौकरी दिलाने वाले एक व्यक्ति को दिया जबकि मलेशिया जाने के बाद मन मुताबिक नौकरी भी नहीं मिली और रुपया लेने वाला व्यक्ति उसे मलेशिया में छोड़कर चला आया। बाद में सभी दस्तावेज बनवाने और वापस आने के टिकट में करीब 60 हजार रूपया खर्च करना पड़ा। इस मामले में पीड़ित युवक द्वारा विदेश मंत्रालय से शिकायत करने के बाद शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है और पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। लोहता थाना क्षेत्र के कोरौता निवासी चंद्रकेश सेठ नामक 30 वर्षीय युवक ने बताया कि वह बेरोजगार है। 2018 में उसके मित्र शमीम ने बताया कि शिवपुर थाना क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी निवासी जमशेर नामक व्यक्ति विदेश में नौकरी दिलाता है। जिस पर चंद्रकेश ने जमशेर से मुलाकात किया।
Ganga River in Varanasi : एक्वेरियम की बड़ी मछलियां गंगा में पहुंचकर मचा रही हैं तबाही
रामनगर क्षेत्र में गुरुवार को गंगा नदी से सकर माउथ कैटफिश पकड़ कर गंगा प्रहरियों ने बीएचयू के जंतु विज्ञान में वैज्ञानिकों को सौंप दिया। वैज्ञानिकों को मछली देते हुए गंगा प्रहरी दर्शन निषाद ने बताया कि मछुआरों को अब ये मछलियां हर रोज मिल रही हैं, इनसे गंगा की आम मछलियों के जीवन यापन में समस्या आ रही है। इस पर बात करते हुए देहरादून स्थित भारतीय वन्य जीव संस्थान के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि इन मछलियों ने अब गंगा की छोटी-छोटी मछलियों को खाना शुरू कर दिया है, इससे गंगा का जैविक चक्र बिगड़ रहा है। यदि जल्द कोई उपाय नहीं किया गया, तो ये भारत के संपूर्ण जलीय वातावरण के लिए अराजक स्थिति हो जाएगी। ये गंगा में आईं आक्रमणकारी विदेशी (एलियन) मछलियां हैं, जिसके लिए भारत का एक्वेरियम व्यापार पूरी तरह से जिम्मेदार है।
बड़ागांव थाने पर कुछ भी सही नहीं था, एसएसपी ने थानाध्यक्ष सहित उप निरीक्षक को किया लाइनहाजिर
एसएसपी अमित पाठक ने गुरुवार की दोपहर बड़ागांव थाने का औचक निरीक्षण किया। वहीं जांच के दौरान कई खामियां थाने पर मिलने के बाद थानाध्यक्ष सहित उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया। बड़ागांव थाना परिसर में गुरुवार की दोपहर लगभग एक बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कप्तान लगभग डेढ़ घण्टे तक थाना परिसर में बैरक, मेस और कार्यालय सहित कई अन्य हिस्सो पर भ्रमण करते रहे। निरीक्षण के दौरान कप्तान ने कार्यालय का भी निरीक्षण किया और निरीक्षण के दौरान थाने के अभिलेखों से कप्तान सन्तुष्ट नहीं दिखे।
पूर्वांचल में अधिकतर नदियों का जलस्तर स्थिर, तटवर्ती इलाकों में दुश्वारियां बरकरार
पूर्वांचल में अधिकतर नदियों का जलस्तर या तो स्थिर है या तो घटाव की ओर है। इसके साथ ही तटवर्ती इलाकों में में आजमगढ़, मऊ और बलिया जिले में सरयू नदी के कटान से जमीनें नदी में विलीन हो रही हैं। केंद्रीय जल अायोग के अनुसार आने वाले दिनों में नदियों का जलस्तर कम ही होना है, बाढ़ की अब आशंका नहीं है। वहीं बीते दो दिनों से वापसी की राह पर चल रहे मानसून की पूर्वांचल में जारी इनायत से पोखरे और निचले इलाकों में दोबारा पानी लग गया है, साथ ही नदियों में मामूली उतार चढ़ाव होने से लाेगों की चिंता भी बढ़ी है। पूर्वांचल में नदियों का रुख भले अब तल्ख न हो मगर बारिश के बाद मामूली उतार चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार की सुबह केंद्रीय जल आयोग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार बलिया के तुर्तीपार में सरयू नदी का जलस्तर 63.39 मीटर हो गया है। इस लिहाज से एक बार फिर सरयू नदी ने चेतावनी बिंदु पार कर खतरा बिंदु की ओर कदम बढ़ा दिया है।
Varanasi City Weather Update : पूर्वांचल में बादलों की कैद में सारा आकाश, रात में पारा भी निढाल
पूर्वांचल में मौसम का रुख इन दिनों बदलाव की ओर है। दो दिनों से जारी बरसात की वजह से रात के तापमान में भी गिरावट आई है, हालांकि उमस से इसके बाद भी राहत नहीं है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस समय पूर्वांचल में मौसम का रुख बदलाव की ओर है। गुलाबी ठंड का दौर भी अब शुरु होने को है लिहाजा सर्द गर्म का मौसम अगले पखवारे तक बना रहेगा इसके बाद ठंड और कोहरे की दस्तक होगी। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था वहीं न्यूनतम पारा 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। इस दौरान 3.6 मिमी बारिश जहां दर्ज की गई वहीं आर्द्रता अधिकतम 92 फीसद और न्यूनतम 85 फीसद दर्ज किया गया।