विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस तरह तो अगले साल तक पूरी हो सकेगी राजघाट पुल की मरम्‍मत, दो माह में 23 फीसद ही हुआ काम

By Anurag Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 13 Sep 2026 11:19 AM (IST)

वाराणसी के राजघाट पुल पर मरम्मत कार्य की गति बेहद धीमी है, जहां 60 दिनों में मात्र 23% काम ही ...और पढ़ें

पीडब्ल्यूडी ने आगे ब्लाक लेने के लिए लखनऊ रेल मंडल प्रशासन को भेजा पत्र।

पीडब्ल्यूडी ने आगे ब्लाक लेने के लिए लखनऊ रेल मंडल प्रशासन को भेजा पत्र।

HighLights

  1. राजघाट पुल मरम्मत कार्य 60 दिनों में केवल 23% ही संपन्न।

  2. रेलवे ब्लॉक की कमी से कार्य रुका, पीडब्ल्यूडी ने ब्लॉक मांगा।

  3. रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक पुल पर यातायात बंद।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। राजघाट पुल पर मरम्मत कार्य के लिए रेलवे की ओर से 60 दिनों का ब्लाक लिया गया था। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और रेलवे विभाग के संयुक्त समन्वय से पुल पर एक्सपेंशन जाइंट, ड्रेनेज स्पाउट समेत अन्य मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं। बीते 16 जून की देर रात से मरम्मत कार्य शुरू हुआ था जिसके तहत पुल के 85 एक्सपेंशन जाइंट बदले जाने थे।

रेलवे की ओर से मिले 60 दिनों के ब्लाक की अवधि समाप्त होने तक पीडब्ल्यूडी की ओर से मात्र 19 एक्सपेंशन जाइंट ही बदले गए। जिसके तहत दो माह में मात्र 23 फीसद ही मरम्मत कार्य हुआ। ऐसे में पीडब्ल्यूडी ने एक बार फिर रेलवे से ब्लाक लेने के लिए लखनऊ रेल मंडल प्रशासन को पत्र भेजा है जिससे शेष कार्य को पूरा कराया जा सके।

मालूम हो कि पुल के मरम्मत के लिए मेरठ की सीको कंपनी को ठेका दिया गया है। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के अनुसार प्रतिदिन केवल एक से डेढ़ घंटे का रेलवे ब्लाक मिलने से मरम्मत कार्य अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाया। ऐसे में 60 दिनों की अवधि में पड़ाव से नमो घाट की ओर जाने वाली लेन में केवल 19 एक्सपेंशन जाइंट बदले गए।

वहीं तीन एक्सपेंशन जाइंट को आधा तोड़ा गया है जिसके ऊपर से वाहनों के सुगम आवागमन के लिए लोहे की चादर डाली गई है। रेलवे से ब्लाक नहीं मिलने से पिछले 28 अगस्त से मरम्मत कार्य बंद है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रेलवे से ब्लाक मिलने पर कार्य शुरू कराया जाएगा। कार्य के दौरान प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक पुल पर बैरिकेडिंग कर यातायात बंद कर दिया जाता था, जिससे रात में वाहनों को रामनगर मार्ग से होकर गुजरना पड़ता था। बीते दिनों पीडब्ल्यूडी ने पुलिस विभाग को 15 सितंबर तक यातायात प्रतिबंध के लिए पत्र भेजा था।