सोनभद्र में रेणुकूट स्थित हिंडाल्को परियोजना में सिलेंडर फटने से दो लोग गंभीर रूप से घायल
रेणुकूट स्थित हिंडाल्को परियोजना में बुधवार की सुबह परियोजना परिसर में एक सिलेंडर फटने से दो लोग घायल हो गए।
सोनभद्र, जेएनएन। रेणुकूट स्थित हिंडाल्को परियोजना में बुधवार की सुबह परियोजना परिसर में एक सिलेंडर फटने से दो लोग घायल हो गए। विभागीय सूत्रों के अनुसार एक की हालत अधिक गंभीर है। हालत गंभीर होने की वजह से घायल को वाराणसी रेफर किया गया है।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि बुधवार की सुबह हिंडाल्को कारखाना के राडिंग रुम के लिए गैस से भरा सिलेंडर उतारने का काम चल रहा था। इस दौरान मौके पर संविदा श्रमिक कार्य कर रहे थे। उनमें से तीन श्रमिक सिलेंडर को जैसे उठा कर प्लांंट में लेकर चले थेे कि इसी दौरान लीकेज होने के बाद सिलेंडर धमाके के साथ फट गया जिसमें मौकेे पर मौजूद दो श्रमिक घायल हो गए। जिसमें एक की हालत गंंभीर है और एक को हल्की चोट आई है। गम्भीर रूप से घायल मजदूरों को इलाज के लिए वाराणसी उपचार से लिए रेफर कर दिया है।
सिलेंडर उतारते समय हुए हादसे के बार परियोजना स्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया और आनन फानन सुरक्षा दस्तों ने मोर्चा संभालते हुए घायलों को वहां से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान हादसा होने से ट्रक की पिछली बाडी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने दुर्घटना की जानकारी ली।
हिंडाल्को के विभाग राडिंग रूम के पास सुबह करीब 9 - 10 बजे के बीच सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रक से सिलेंडर उतारने का काम हो रहा था। ट्रक पर कुछ संविदा श्रमिक मौजूद थे जबकि नीचे खड़े श्रमिक हादसे की चपेट में आ गए और दो जख्मी हो गए जिसमें एक की हालत काफी गंभीर बताई गई है। वहीं एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। हादसे के बारे में पीआरओ और पुलिस ने किसी प्रकार की घटना की जानकारी से इनकार किया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार ट्रक में आक्सीजन का सिलेंडर था।
पुलिस ने बताया कि संजय राम (35) पुत्र लक्ष्मण प्रसाद ग्राम धुरपी जिला गढ़वा झारखण्ड की हालत गंभीर है और वाराणसी बीएचयू रेफर भी किया गया है। लालबहादुर (57) पुत्र जगदेव गांव जगदीशपुर जिला प्रतापगढ़ की हालत ठीक बताई गई है।