वाराणसी में 30 लाख रुपये नहीं देने पर नर्स ने मुकदमे में डाक्टर को फंसाने की दी धमकी, पुलिस ने केस दर्ज किया
वाराणसी में एक महिला चिकित्सक ने पूर्व नर्स पर अपने डॉक्टर पति के खिलाफ फर्जी मुकदमा वापस लेने के लिए ...और पढ़ें

वाराणसी में डॉक्टर को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी, नर्स ने मांगे 30 लाख रुपये। (AI Image)
HighLights
महिला चिकित्सक ने पूर्व नर्स पर पति को फंसाने का आरोप लगाया।
नर्स ने फर्जी मुकदमा वापस लेने के लिए 30 लाख मांगे।
पैसे न देने पर एससी-एसटी, दुष्कर्म केस की धमकी दी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। हुकुलगंज निवासी महिला चिकित्सक ने एक युवती पर अपने चिकित्सक पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने और मुकदमा वापस लेने के नाम पर 30 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले में कैंट पुलिस के केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंडलीय अस्पताल की महिला डाक्टर ने पति के अस्पताल में नर्स रही महिला पर आरोप लगाया तो पुलिस के भी होश उड़ गए।
शिकायत के अनुसार डा. श्वेता पांडेय मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में कार्यरत हैं। जबकि उनके पति हुकुलगंज स्थित निजी अस्पताल में चिकित्सक हैं। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में काम करने वाली चांदनी का अस्पताल के स्टाफ से विवाद हुआ था। जिसके बाद पति ने स्टाफ सुमित की मौजूदगी में चांदनी से पूछताछ की थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हुई, जिसकी सीसीटीवी फुटेज है।
महिला चिकित्सक का आरोप है कि घटना के बाद चांदनी ने उनके पति को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और 112 पर सूचना दी। इसके बाद गत 26 जुलाई को लालपुर-पांडेयपुर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद चांदनी लगातार मुकदमा वापस लेने के बदले रुपये की मांग करने लगी।
31 जुलाई को चांदनी ने उन्हें फोन कर कचहरी बुलाया और मुकदमा वापस लेने के लिए 20 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद फिर 22 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे महिला डाक्टर अर्दली बाजार स्थित बेकर्स किंग में केक लेने गई थी। जहां पर आरोपित महिला ने उनको धमकी भी दी।
वहां चांदनी एक व्यक्ति के साथ पहुंची और कथित तौर पर 20 लाख के बजाय 30 लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर महिला और उनके पति के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। कैंट पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
