सेना भर्ती के लिए दौड़ में शामिल होने से पहले युवाओं को रखनी चाहिए ये सावधानियां
सेना भर्ती में शामिल होने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। इसके तहत दौड़ में शामिल होने से पहले युवाओं को कुछ सावधानियां रखनी चाहिए।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल के न जाने कितने युवा बढ़ती उम्र के साथ भारतीय सेना में भर्ती होने के सपना देखने लगते हैं। गाजीपुर में तो रेवतीपुर और गहमर जैसे ऐसे गांव हैं जहां पीढिय़ों से लोग सेना में भर्ती होते आ रहे है। बलिया के ही रहने वाले मंगल पांडे भी ईस्ट इंडिया कंपनी की सेना में सिपाही थे। इन्होंने अपने प्राण देकर भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम की शुरूआत की थी।
बनारस के रणबांकुरे स्टेडियम में एक नवंबर से सेना में भर्ती रैली शुरू हो जाएगी। सबसे पहले युवकों को तय समय में दौड़ पूरी करनी होती है। उसके बाद वह अगले श्रेणी में जाता है। दौड़ में शामिल होने के लिए युवाओं ने पंजीकरण करना शुरू कर दिया है।
युवाओं को अपनी जैविक घड़ी को ठीक करना होगा
भर्ती निदेशक कर्नल आरएस ठाकुर का कहना है कि भारतीय फौज का हिस्सा बनने के लिए पहले युवाओं को अपनी जैविक घड़ी को ठीक करना होगा। अभी ये युवा सुबह या शाम को दौड़ लगाने का अभ्यास करते होंगे। ऐसे में भर्ती के समय दौड़ का समय कुछ और ही इनको मिलेगा। भर्ती रैली में आने से पहले आंखों की अच्छी तरह से जांच करा कर आना चाहिए। कहीं कलर ब्लाइंडनेस तो नहीं है। कान और दांत अच्छी तरह से साफ होने चाहिए। टेटू बनवाने से हमेशा बचे। किसी भी जानकारी के लिए हमेशा भर्ती केंद्र के अधिकारियों से ही बात करे।
इन जनपदों के युवा लेंगे हिस्सा
इस भर्ती रैली में आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, मऊ, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मीरजापुर और भदोही के युवा हिस्सा ले सकते हैं।