एक साथ चार शव पहुंचते ही रायपुर में मचा कोहराम
जागरण संवाददाता बडागांव मध्यप्रदेश के सिवनी में हुए कार हादसे में मृत पांच लोगों में से च
जागरण संवाददाता, बडागांव : मध्यप्रदेश के सिवनी में हुए कार हादसे में मृत पांच लोगों में से चार के शव उनके गांव रायपुर पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव आने की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोगों की भीड़ विजय बहादुर पटेल के घर की ओर जाने वाली सड़क व पगडंडियों पर चल पड़ी। विजय के भाई लालबहादुर पटेल मध्यप्रदेश से शवों को डीसीएम ट्रक पर लेकर बुधवार की सुबह करीब सात बजे गांव पहुंचे। वहीं राधा का पांचवां शव उसके ससुराल पड़ाव लेकर परिजन सीधे चले गए। इस दौरान महिलाओं के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। गांव के अधिकांश घरों में चूल्हे नहीं जले।
इसके बाद चारों शवों को अलग अलग गाडि़यों में रखकर शवयात्रा निकली तो सभी आंखें नम हो गई। शव-यात्रा के पीछे रोते-बिलखते परिजन व उसके पीछे विशाल जनसमुदाय चल रहा था। सभी शव मणिकर्णिका घाट ले जाए गए जहां उनके शवों का दाह संस्कार किया गया।
बता दें कि बेंगलुरु के निरमंगला में बैट्री का व्यवसाय करने वाले विजय बहादुर पटेल परिवार के साथ करीब 20 दिन पूर्व एक मांगलिक आयोजन में शामिल होने के लिए अपने पुश्तैनी गांव अनेई रायपुर आए थे। गत सोमवार की सुबह अपनी कार से विजय बहादुर, उनकी पत्नी सरिता, पुत्र अजय पटेल, पुत्री चांदनी, रिश्ते में भतीजी लगने वाली राधा, उनका पुत्र प्रखर व सुनीता व श्रेया बेंगलुरु के लिए निकले थे। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में उनकी कार खड़े टैंकर से टकरा गई थी। इस हादसे में विजय, अजय, सरिता, राधा व सुनीता की मौत हो गई थी। वहीं दो लड़कियां घायल हो गईं थीं जबकि चार साल के प्रखर को खरोंच तक नहीं आई थी। ग्रामीणों ने बताया कि विजय जमीन से जुड़े हुए थे। वह लोगों की मदद के लिये हमेशा तैयार रहते थे। विजय बहादुर के बड़े भाई लाल बहादुर ने बताया कि उनका भाई हर किसी के लिए अच्छा सोचता था। इस दौरान गांव के अधिकांश घरों में चूल्हे नहीं जले।