दो घरों को चोरों ने खंगाला, लाखों का माल ले उड़े, हड़कंप
मऊ स्थित पुराघाट के कोपागंज थाना क्षेत्र के महुआर बिसगतिया गाव में चोरों ने गाव के दो मकानों में लाखों की चोरी की। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
मऊ (जेएनएन) : पुराघाट के कोपागंज थाना क्षेत्र के महुआर बिसगतिया गाव में चोरों ने गाव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गीता राजभर और उनके पड़ोसी सुभाष राजभर के घर को निशाना बनाया। शुक्रवार की देर रात चोरों ने दोनों घरों से लाखों का माल उड़ा दिया।
गीता राजभर के घर में रखे बक्से एवं आलमारी में रखे सोने के जेवर एवं 13 हजार नकदी चोरों ने चुरा लिए। वहीं उनके घर के नजदीक स्थित सुभाष राजभर के घर से सोने के गहनों के साथ ही एक मोबाइल भी ले गए।
रात में सुभाष के लड़के की तबियत खराब थी। लड़के को सुलाते सुलाते उनको नींद लग गई। रात में करीब दो बजे जब वे शौचालय जाने के लिए उठे तो देखा कि दरवाजा खुला हुआ है। उन्होंने तत्काल घर वालों को बताया। इस दौरान अफरा तफरी मच गई। घर वाले शोर मचाने लगे। फिर गीता राजभर का परिवार भी जग गया। इसी बीच उनकी नजर भी अस्त व्यस्त सामानों पर पड़ी, तब उन्हें पता चला कि चारों ने उनके यहां भी चोरी की है। देर रात इस घटना की सूचना पीड़ित परिवार सहित क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों ओर से मिली अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर के आधार पर जाच में जुट गई। उधर क्षेत्र में इस वारदात को लेकर लोग घबराए हुए हैं क्योंकि आए दिन इस तरह की घटना हो रही है। मगर एक साथ दो घरों में चोरी को देखकर लोगों को कहना है कि चोरों की हिम्मत बढ़ गई है क्योंकि पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।