पति की दूसरी शादी रोकने को पुलिस से गुहार, बेटी को जन्म देने से ससुराली थे नाराज
बलिया जिले में पति की दूसरी शादी रचाने पर व्यथित पत्नी ने थाने में पंहुचकर पुलिस से शादी रोकने के लिए गुहार लगाई, ससुराल वाले बेटी पैदा होने से थे नाराज।
बलिया, जेएनएन । पति के दूसरी शादी रचाने पर व्यथित पत्नी ने मंगलवार को थाने मे पंहुचकर पुलिस से शादी रोकने की गुहार लगाई। मंगलवार की सुबह तड़के अपने पिता के साथ थाने पहुचीं महिला ने प्रभारी थानाध्यक्ष से रो-रो कर अपनी बात बताई। थाना क्षेत्र के शेर गांव निवासी महिला मीरा देवी ने पुलिस को बताया की वर्ष 2014 मे उसकी शादी हिंदू रीति रिवाज से शेर गांव निवासी मुन्ना पाडे से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज कम लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। लेकिन उसने किसी तरह ससुराल मे प्रताड़ना सहकर अपना समय व्यतीत किया लेकिन ससुराल वालों का जुल्म बढ़ता गया। इसी दौरान उसने एक बेटी को भी जन्म दिया।
बकौल मीरा पुत्री के जन्म के बाद उसकी स्थिति और खराब हो गई। पति व सास उसे काफी परेशान करने लगे। साथ ही मायके से पैसे मंगवाने के लिए दबाव बनाने लगे। काफी अत्याचार सहन करने के बाद भी जब उसने उनकी किसी बात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी तो इसी वर्ष जून माह में उसे उसकी गोद की बच्ची के साथ मायके सुखपुरा ले जाकर सड़क पर उतार कर छोड़ दिया गया और ताकीद की गई कि पैसा लिए बिना वापस नही आना। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई। इस संबंध मे उसकी शिकायत के आधार पर सुखपुरा थाने मे दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसकी विवेचना सुखपुरा पुलिस कर रही है। इससे नाराज पति व उसके घरवालों ने गोपनीय तरीके से शादी रचाने का फैसला लिया और उसकी तैयारी कर डाली।
इसी क्रम में चुपचाप तिलक आदि का कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। आगामी दस तारीख को महिला के पति की अवैध शादी है। सारी कहानी सुनाकर रोती हुई महिला ने पुलिस से गुहार लगाई कि ऐसी हालत मे वह छोटी सी बच्ची को लेकर कहा जाएगी। महिला की बातें सुनकर पुलिस ने उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान महिला के आसू देखकर पुलिस समेत अन्य लोग भी दुखी नजर आए। महिला के साथ थाने पंहुचे उसके पिता दिनेश ओझा ने रुंधे गले से बताया कि उनकी बेटी की शादी मे उनके द्वारा सामर्थ्य अनुसार सब कुछ किया गया था। बावजूद इसके बेटी के आसू अब चैन नही लेने दे रहे हैं। छोटी सी नातिन को देखकर दिल बैठ जाता है की इसके भविष्य का आखिर क्या होगा। काफी जतन से जिस बेटी को पाल पोस कर बड़ा किया। उसके सुखद भविष्य की कल्पनाओं के साथ उसे विवाह कर विदा किया।