विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवा संगमम कार्यक्रम में केरलम से पहुंची टीम लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से हुई रवाना

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 28 Oct 2026 07:59 PM (IST)

एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत केरल से आए 55 सदस्यीय युवा संगम दल ने उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक ...और पढ़ें

युवा संगम कार्यक्रम: केरल दल ने यूपी के सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर वाराणसी से ली विदाई।

युवा संगम कार्यक्रम: केरल दल ने यूपी के सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कर वाराणसी से ली विदाई।

HighLights

  1. केरल के 55 सदस्यीय दल ने यूपी का भ्रमण किया।

  2. एक भारत, श्रेष्ठ भारत युवा संगम कार्यक्रम का हिस्सा था।

  3. वाराणसी हवाई अड्डे से दल को विदाई दी गई।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत केरल से आए 55 सदस्यीय दल ने 22 से 28 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज दल को विदाई दी गई।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में शामिल केरल की टीम आज अपने राज्य लौट गई। दल की वापसी के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदाई दी गई।

कार्यक्रम का समापन समारोह कल आयोजित हुआ था। इसमें मुख्य अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति अजित कुमार चतुर्वेदी ने प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के उत्तर प्रदेश नोडल अधिकारी डा. बाला लखेन्द्र, विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रोफेसर रंजन कुमार सिंह तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

डा. बाला लखेन्द्र ने बताया कि आईआईटी पलक्कड़, केरलम के नेतृत्व में 55 सदस्यों का दल उत्तर प्रदेश आया था। इसमें 50 विद्यार्थी और पांच शिक्षक शामिल थे। 22 से 28 अक्टूबर तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आतिथ्य में रहे दल का उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से परिचित होना था।

दल का 22 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय की टीम ने स्वागत किया। अगले दिन महामना पंडित मदन मोहन मालवीय भवन में स्वागत समारोह आयोजित हुआ। इसके बाद भवन परिसर में वृक्षारोपण किया गया, जिसमें केरल से आए प्रतिभागियों ने पौधे लगाए। टीम ने प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए जयपुर गांव का भी भ्रमण किया।

प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। राज्यपाल ने उनसे संवाद किया। यात्रा के दौरान दल ने अयोध्या धाम, तीर्थराज प्रयाग और विंध्याचल धाम के दर्शन किए। इसके बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय लौटे प्रतिभागियों ने श्री विश्वनाथ धाम में दर्शन किए और सारनाथ समेत अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें काशी और उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर मिला।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ भारत सरकार की पहल है, जिसका उद्देश्य देश की विविध संस्कृतियों, भाषाओं, परंपराओं और जीवनशैलियों के बीच आपसी समझ तथा एकता को बढ़ावा देना है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से आयोजित युवा संगम कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और पारस्परिक सहयोग की भावना विकसित करने पर केंद्रित है।

केरल के प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय एकता के लिए महत्वपूर्ण और आवश्यक बताया। उनका कहना था कि उत्तर प्रदेश में बिताए समय के दौरान यहां की संस्कृति, रहन-सहन और रीति-रिवाजों के बारे में मिली जानकारी वे जीवनभर संजोकर रखेंगे।