किसी मंत्री से कम नहीं महाट्रक का प्रोटोकाल, 308 पहियों पर लदा बेल्जियम का ब्यालर, चंदौली से पहुंचने जा रहा है बनारस
चंदौली से वाराणसी के लिए बेल्जियम से लाया गया भारी-भरकम बॉयलर 308 पहियों वाले विशेष ट्रेलर पर रवाना हुआ है। ...और पढ़ें
HighLights
बेल्जियम से आया भारी बॉयलर 308 पहियों पर रवाना।
चंदौली से वाराणसी के लिए विशेष प्रोटोकॉल, सुरक्षा व्यवस्था।
महाट्रक के साथ क्रेन, लोडर, अधिकारी लगातार निगरानी में।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिले की सड़कों पर रविवार को ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, मानो किसी वीवीआइपी का काफिला गुजर रहा हो। बेल्जियम से लाया गया भारी-भरकम ब्यालर 308 पहियों वाले विशेष ट्रेलर पर सवार होकर चंदौली से वाराणसी के लिए रवाना हो गया है। इसे सुरक्षित आगे भेजने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है।
करीब हजार टन क्षमता वाले क्रेन, बैकहो लोडर समेत कई भारी मशीनें इस पूरे अभियान का हिस्सा हैं। महाट्रक के आवागमन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात तक विशेष प्रोटोकाल तैयार किया है। महाट्रक को रविवार दोपहर तीन बजे चंदौली से वाराणसी के लिए रवाना किया जाएगा।
इसके लिए टीम सुबह से ही प्रस्तावित मार्ग का जायजा लेने और रास्ता सुगम बनाने में जुटी है। मार्ग में कहीं अवरोध न आए, इसके लिए श्रमिकों की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। सभी श्रमिक वाकी-टाकी से लैस हैं, ताकि किसी भी स्थिति में आपसी समन्वय में दिक्कत न हो। चालक के अनुसार अब तक दो करोड़ से अधिक के डीजल की खपत हो चुकी है। आगे भी खपत और होनी है।
महाट्रक के साथ हजारों टन क्षमता का क्रेन और बैकहो लोडर जैसी भारी मशीनें भी चल रही हैं। रास्ते में बिजली के तार, पेड़, मोड़, पुल-पुलिया या अन्य किसी तरह की बाधा आने पर तत्काल व्यवस्था बनाने की जिम्मेदारी टीमों को दी गई है। पूरे रूट पर अधिकारियों की नजर बनी हुई है।
महाट्रक की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यातायात निरीक्षक समेत यातायात पुलिस की टीम लगाई गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं लगातार निगरानी कर रहे हैं। काफिले की गति और मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बेल्जियम से लाया गया यह ब्यायलर 308 पहियों वाले विशेष ट्रेलर से बलरामपुर की ओर जाएगा। चंदौली से वाराणसी पहुंचने के बाद राजातालाब से गाजीपुर रूट पकड़ेगा। इसके बाद यह जल्द ही चीनी मिल पहुंच जाएगा जहां इसे इंस्टाल किया जाना है।
