कारगिल के बलिदानियों की स्मृति में दशाश्वमेध घाट पर प्रज्वलित हुआ 27वां आकाशदीप
गंगा सेवा निधि ने वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर कारगिल युद्ध के शहीदों और अन्य बलिदानियों की स्मृति में 27वां ...और पढ़ें

वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर कारगिल बलिदानियों की याद में प्रज्वलित हुआ 27वां आकाशदीप।
HighLights
कारगिल शहीदों की स्मृति में 27वां आकाशदीप प्रज्वलित।
गंगा सेवा निधि ने दशाश्वमेध घाट पर परंपरा निभाई।
देव दीपावली पर शहीदों के परिजनों को सम्मान, सहायता।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कारगिल युद्ध के शहीदों सहित देश के अन्य बलिदानी जवानों की स्मृति में गंगा सेवा निधि ने मंगलवार शाम दशाश्वमेध घाट पर 27वें आकाशदीप का प्रज्वलन किया। इसके साथ ही कार्तिक मास भर घाट पर दीप जलाने की परंपरा शुरू हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5.45 बजे गणपति वंदना और देशभक्ति गीतों के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक स्व. पं. सत्येंद्र मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गंगा सेवा निधि ने 1999 के कारगिल युद्ध के बाद काशी की सदियों पुरानी आकाशदीप परंपरा को राष्ट्रभाव से जोड़ते हुए कार्तिक मास में घाट पर दीप जलाने का संकल्प लिया था।
इस वर्ष 95 BN CRPF के शहीद शशिकांत सिंह और 183 BN के सुनील कुमार समेत NDRF, थल सेना, वायु सेना, CISF, RPF और पुलिस बल के बलिदानियों के नाम पर आकाशदीप प्रज्वलित किए गए।
कार्यक्रम में महापौर अशोक तिवारी मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता ब्रिगेडियर उमेश ए. परब ने की। विशिष्ट अतिथियों में कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, ग्रुप कैप्टन सचित सूद और महंत शंकर पुरी समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।
आकाशदीप कार्यक्रम का समापन 24 नवंबर को देव दीपावली पर होगा। इस अवसर पर भगीरथ शौर्य सम्मान प्रदान किया जाएगा और शहीदों के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।
