Weather forecast : पूर्वांचल में फिर 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा पारा, धधकी धरती
भगवान भाष्कर की ताप शनिवार की सुबह से ही अधिक रही।
वाराणसी, जेएनएन। भगवान भाष्कर की ताप शनिवार की सुबह से ही अधिक रही। गर्म पछुआ हवा एवं तेज धूप के कारण धरती भी धधक रही थी। वहीं आसमान से आग बरस रही थी। लोग दुकानों, मकानों एवं कार्यालयों में दुबके रहे। इस साल तीसरी बार अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले दो दिनों से पछुआ हवा का प्रकोप चल रहा है। शुक्रवार को भी पूरे दिन आसमान से आग बरस रही थी। रात को भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही थी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जब कई दिनों तक अधिकतम तापमान बढ़ता जाता है तो बारिश जरूर होती है, लेकिन काशी में ऐसा नहीं हो रहा है। जब से गर्मी शुरू हुई है तब से एक बार भी यहां बारिश नहीं हुई। हां, शहर के बाहरी इलाकों में एक-दो बार हल्की बारिश व आंधी जरूर आई। शनिवार की बात की जाय तो भोर में कुछ देर तक पुरुआ हवा चल रही थी। इसके कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही थी, लेकिन 10 बजे के बाद से स्थिति बदल गई। इसके बाद रात तक यही स्थिति रही।
इससे पहले गुरुवार की रात को भी भीषण गर्मी से लोगों को सामना हुआ। कभी-कभार ही हवा चल रही थी, लेकिन वह भी गर्म। कूलर, पंखे भी बेअसर साबित हो रहे थे। वहीं शुक्रवार को भी सुबह ही मौसम बहुत ही गर्म था। दोपहर बाद तो लू चलने लगी। गर्मी का आलम यह है कि लोग गमछा एवं दुपट्टे से चेहरा ढक कर चल रहे थे। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान दोनों बढ़ना खतरनाक स्थिति की ओर से इशारा कर रहा है। हालांकि एक- दो दिन में बारिश की संभावना भी बन रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को तापमान में भी गिरावट की उम्मीद है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप