परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के स्वेटर पर मंडराने लगे जेम पोर्टल के तकनीकी बादल, तकनीकी गड़बड़ी में फंसा क्रय आदेश
शासन ने इस बार परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए जेम पोर्टल से स्वेटर खरीदने का निर्देश दिया है।
वाराणसी, जेएनएन। शासन ने इस बार परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के लिए जेम पोर्टल से स्वेटर खरीदने का निर्देश दिया है। वहीं तकनीकी कारणों से जनपद में अब तक स्वेटर के लिए क्रय आदेश नहीं जारी किया जा सका है। ऐसे में जनपद के 1367 विद्यालयों के 1.75 लाख बच्चों को 31 अक्टूबर तक निश्शुल्क स्वेटर स्वेटर मिलने की उम्मीद पर तकनीकी के बादल मडरा रहे हैं।
शासन से सूबे के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों से हरहाल में 31 अक्टूबर तक स्वेटर का वितरित करने का निर्देश दिया था। वहीं जेम पोर्टल के चक्कर में स्वेटर वितरण फंसा हुआ है। दूसरी ओर जेम पोर्टल से स्वेटर की खरीदने का आदेश देने के पीछे शासन की मंशा कमीशनखोरी रोकना है। पहले ग्राम प्रधान व विभागीय अधिकारियों द्वारा स्वेटर व ड्रेस क्रय किए जाते रहे हैं। ऐसे में स्वेटर खरीदने में धांधली की आशंका बनी रहती थी। बच्चों को अच्छी गुणवत्ता की स्वेटर मिल सके। इसके लिए शासन ने बीएसए को जेम पोर्टल से टेंडर करने का निर्देश दिया है।
चार साइज का होगा मैरुन रंग का स्वेटर
शासन की ओर से चार साइज में मैरुन रंग का स्वेटर क्रय करने का निर्देश दिया गया है। कक्षा एक व दो के बच्चों के लिए एस साइज, कक्षा तीन व चार के लिए एम साइज, कक्षा पांच व छह के लिए एल साइज व कक्षा सात व आठ के लिए एक्सएल साइज का स्वेटर खरीदा जाना है।
बोले अधिकारी : तकनीकी कारणों से स्वेटर खरीदने के लिए अब तक क्रय आदेश नहीं दिया जा सका है। जेम पोर्टल पर तीन फर्मों को अलग-अलग स्वेटर का आर्डर देते ही तीनों फर्मों को क्रय आदेश अपलोड हो जा रहा है। इसकी जानकारी बेसिक शिक्षा निदेशक को भी दे दी गई है ताकि जल्द से जल्द फर्मों को क्रय आदेश दिया जा सके। शासन की गाइड लाइन मिलते ही क्रय आदेश जारी कर दिए जाएंगे। -जय सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।