शिक्षक विधायक निर्वाचन : बूथों पर मतदान कल, 5133 वोटर प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला
उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-फैजाबाद खंड निर्वाचक चुनाव के लिए एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिले के 23 बूथों पर होने वाले मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां तहसील सदर से मतदान सामग्री के साथ रवाना हुईं।
आजमगढ़, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-फैजाबाद खंड निर्वाचक चुनाव के लिए एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जिले के 23 बूथों पर होने वाले मतदान को सकुशल संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां तहसील सदर से मतदान सामग्री के साथ रवाना हुईं। इन बूथों पर 5133 शिक्षक मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिसमें 3854 पुरुष व 1279 महिला शिक्षक वोटर शामिल हैं।
प्रत्येक बूथ पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनात की गई है। साथ ही तहसीलवार जोन मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। कुल 26 पोलिंग पार्टियां चुनाव संपन्न कराएंगी, जिसमें तीन पोलिंग पार्टी रिजर्व में रखी गईं हैं। पल्हनी, शिब्ली कालेज, अहरौला व बिलरियागंज बूथ संवेदनशील हैं, जिस पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मतपेटिकाओं को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में गोरखपुर भेजा जाएगा, जहां तीन दिसंबर को मतगणना होगी।
10 प्रकार के पहचान संबंधी दस्तावेज होंगे मान्य
- निर्वाचन फोटो पहचान पत्र।
- आधार कार्ड ।
- ड्राइविंग लाइसेंस।
- पैन कार्ड।
- भारतीय पासपोर्ट।
- राज्य, केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए सेवा पहचान पत्र।
- सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य को जारी अधिकारिक पहचान पत्र।
- शैक्षिक संस्थाओं जिनमें संबंधित शिक्षक, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नियोजित हो द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र।
- विश्वविद्यालय द्वारा जारी उपाधि।
- डिप्लोमा का प्रमाण पत्र मूलरूप में एवं सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधित प्रमाण पत्र।