बहन-बहनोई और भांजी से बात कर उत्साहित हुए प्रो. लाहिड़ी, भावुक हो गए स्वजन भी उनको देखकर
बीएचयू के आईसीयू में भर्ती प्रो. तपन कुमार लाहिड़ी ने वीडियो कॉल पर अपने स्वजनों से बात कर खुशी महसूस ...और पढ़ें

प्रो. लाहिड़ी का परिवार से भावनात्मक मिलन, छात्रों ने की दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच की मांग।
HighLights
प्रो. लाहिड़ी ने वीडियो कॉल पर परिवार से बात कर खुशी जताई।
अभाविप ने प्रो. लाहिड़ी से दुर्व्यवहार की उच्चस्तरीय जांच मांगी।
छात्रों ने 24 घंटे में दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। डिमेंशिया व वृद्धावस्था के अनेक रोगों से बीएचयू के कार्डियोथोरेसिक विभाग के आइसीयू मेें जूझ रहे प्रो. तपन कुमार लाहिड़ी से सोमवार की सुबह विश्वविद्यालय के छात्रनेता आशुतोष सिंह ईशु ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रो. लाहिड़ी की भांजी मैत्रा केका मैत्रा के नंबर पर वीडियो काल कर उनके स्वजनों से बात कराई।
वीडियो काल पर अपनी छोटी बहन, बहनोई और भांजी कोे देख प्रो. लाहिड़ी उत्साहित हो उठे और बिल्कुल बच्चों की तरह खिलंदड़ स्वभाव में आ गए। बहनाेई को देखते ही स्क्रीन की ओर अंगुली दिखाकर उन्होंने कहा, ‘ये हमारे सबसे छोटे जमाई हैंं..’ और ठठाकर हंस पड़े। बहन को देखकर नर्सों से बोले, ‘देखो यह हमारी छोटी बहन है।’
उनकी बाल सुलभ व्यवहार देखकर स्वजन भावुक हो उठे। भांजी केका ने आशुतोष से अपने मामा के स्वास्थ्य के बारे में पूछा और बीएचयू से मिले जवाबी मेल की जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद उन्होंने बीएचयू प्रशासन को पुन: मेल कर प्रो. लाहिड़ी के स्वास्थ्य की समुचित देखभाल के लिए संतुष्टि जताई और उनकी सुरक्षा व सम्मान की रक्षा करने की मांग की।
अभाविप ने ज्ञापन सौंप की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बीएचयू इकाई ने सोमवार को सर सुंदरलाल चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पद्मश्री प्रो. टीके लहरी के साथ कथित मारपीट व अभद्रता के प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच करने व दोषी पाए जाने पर आरोपित चिकित्सक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
परिषद ने आइसीयू में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को जांच का हिस्सा बनाने, जांच पूरी होने तक आरोपित शिक्षक को संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक दायित्वों से दूर रखने तथा प्रो. लहरी को अस्पताल में उचित सुरक्षा एवं उच्च स्तरीय चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराने की मांग की है।
अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि, “पद्मश्री प्रो. लहरी का जीवन काशी हिंदू विश्वविद्यालय, चिकित्सा जगत और समाज की सेवा के लिए समर्पित रहा है। ऐसे वरिष्ठ एवं सम्मानित चिकित्सक के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अत्यंत गंभीर है। विश्वविद्यालय प्रशासन को किसी भी प्रकार के पूर्वाग्रह से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। आरोप सत्य पाए जाने पर दोषी के विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।” इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन व लगभग दर्जन भर कार्यकर्ता शामिल थे।
जांच कर 24 घंटे में हो कार्रवाई
छात्रनेता रंजीत यादव के नेतृत्व में छात्रों का समूह सोमवार को विश्वविद्यालय के कुलसचिव राजन श्रीवास्तव, चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार व सर सुंदरलाल चिकित्सालय के एमएस प्रो. पुनीत को ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रो. लाहिड़ी के संग हुई कथित घटना की 24 घंटे में जांच कराकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में प्रतीक यादव, रीतम सिंह, अभिषेक गोप, रमेश कुमार, पुनीत सिंह, अभिषेक सिंह, शक्ति सिंह, वरुण मौर्य, चंदन पटेल, शशांक राय, डब्लू यादव, आशीष पांडेय आदि थे।
