Sushant Singh Rajput कॅरियर के शुरुआती दौर में आए थे बनारस, गंगा घाट पर सीन किए थे शूट
वर्षों पहले जब सुशांत सिंह राजपूत कॅरियर की शुरुआत हुई थी तो उनका बनारस भी आना हुआ था। उस समय वो एकता कपूर के सीरियल पवित्र रिश्ता में काम कर रहे थे।
वाराणसी, [वंदना सिंह]। बाॅलीवुड को एक बार फिर झटका लगा है। युवा एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के देहांत से उनके फैन आहत हैं। वो सोचने पर मजबूर हैं कि आखिर क्यों सुशांत उनका साथ छोड़कर चले गए। सुशांत ने अपनी मेहनत के बल पर इंडस्ट्री में जगह बनाई थी। वर्षों पहले जब उनके कॅरियर की शुरुआत हुई थी तो उनका बनारस भी आना हुआ था। उस समय वो एकता कपूर के सीरियल पवित्र रिश्ता में काम कर रहे थे जिसकी शुरुआत ही हुई थी।
बेहद शालीन, मेहनती व ऊर्जावान थे सुशांत
बनारस के रंगकर्मी रतिशंकर त्रिपाठी ने बताया वर्षों पहले सुशांत बनारस आए तब उन्हें लोग उतना नहीं जानते थे। एक शाे में एंकरिंग के लिए उन्होंने गंगा घाट, नाव पर सीन शूट किए थे। बेहद शालीन, मेहनती व ऊर्जावान थे। मुझे बहुत सम्मान देते थे। समय के साथ अपने अभिनय के बल पर उन्हाेंने बुलंदी हासिल की। रतिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि उनके साथ यशराज स्टूडियो व कई जगहों पर मुलाकात हुई, वह बहुत सुलझे हुए इंसान थे। बालीवुड ने एक नौजवान मंझा हुआ अभिनेता खो दिया। समझ में नहीं आता कि ऐसा क्या हो गया जो इतना गलत कदम उन्होंने उठाया।
न जाने कौन सी चीज थी जिससे वह लड़ नहीं पाए
बताया कि सुशांत इस वक्त टॉप पर जा रहे थे, पैसे की कमी भी नहीं थी। परिवार में भी सब ठीक था, अफेयर की भी ऐसी कोई बात सुनने में नहीं आई थी। एक ऐसा अभिनेता जो सारी चीजों से फाइट करने वाला था, न जाने कौन सी चीज थी जिससे वह लड़ नहीं पाया और हार गया। ये तो अब जांच में ही पता चल पाएगी मगर कोरोना ने फिल्म इंडस्ट्री का इस साल काफी नुकसान कर दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुशांत ने रविवार सुबह मुंबई में बांद्रा स्थित अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी नौकर ने पुलिस को दी। सुशांत के निधन से फ़िल्म इंडस्ट्री को ज़बरदस्त झटका लगा है। हर कोई अफ़सोस मना रहा है कि इतना टैलेंटेड एक्टर इतनी कम उम्र में इस तरह दुनिया को अलविदा कह गया।