बदलता बनारसः कुंभ मेला से पहले अविरल-निर्मल होंगी गंगा
केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर मंत्री सुरेश खन्ना ने दावा किया कि अब तक की सरकारों में सबसे ज्यादा काम पीएम मोदी की सरकार ने किया।
वाराणसी (जेएनएन)। केंद्र सरकार के चार साल पूरे होने पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना बनारस पहुंचे। यहां पीएम के संसदीय कार्यालय में जन सुनवाई करने के बाद दोपहर में पत्रकारों से मुखातिब मंत्री ने दावा किया कि अब तक की सरकारों में सबसे ज्यादा काम पीएम मोदी की सरकार ने किया। यह देश और जनता दोनों के लिए गर्व की बात है कि नरेंद्र मोदी हमारे पीएम हैं। कहा कि इन चार वर्ष में गंगा की दशा में काफी सुधार हुआ है। नमामि गंगे के तहत 30 परियोजनाओं पर काम हो रहा। जनवरी में प्रस्तावित कुंभ से पूर्व गंगा को अविरल व निर्मल बनाने का पूरा प्रयास होगा। इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। वरुणा, गोमती, घाघरा व अन्य नदियों की हालत सुधारने पर जोर दिया जा रहा। कहा, जल्द गंगा में पानी छोड़ स्थिति सुधारी जाएगी।
महंगाई से मिलेगी जल्द राहत
मंत्री ने कहाकि केंद्र सरकार ने चार साल में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यटन, कला व संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया। हर भारतीय का सिर विदेश में गर्व से ऊंचा हुआ है। महंगाई के सवाल पर कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को थामने के लिए प्रयास हो रहे हैं। जनता को जल्द ही राहत मिलेगी।
जनता के लिए चलीं कई योजनाएं
विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि आयुष्मान योजना के तहत 10 करोड़ गरीब परिवारों को स्वास्थ्य बीमा, दो लाख का दुर्घटना बीमा, 23 करोड़ से ज्यादा जन धन खाते, साढ़े तीन लाख ओडीएफ गांव, 18 हजार गांवों में बिजली कनेक्शन, साढ़े तीन लाख परिवारों को उज्जवला योजना का लाभ देने के साथ 420 अरब डालर का विदेशी मुद्रा भंडार इस समय है। साढ़े दस करोड़ मृदा परीक्षण कार्ड सहित कई योजनाएं जनता को समय से मयस्सर हुई।
चार साल में रिकॉर्ड विकास कार्य
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा कि आजादी के बाद 70 साल में देश को खूब लूटा गया। आर्थिक भ्रष्टाचारों के कारण देश की छवि दुनिया में बदतर थी। इस छवि को पिछले चार वर्ष में भाजपा ने सुधार किया है। देश ने हर क्षेत्र में विकास किया है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का परचम लहराएगा। यहां आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 24 हजार ग्राम पंचायतों में अधिकतर में लोगों ने खुले में शौच जाना छोड़ दिया है। प्रदेश के 18000 गांवों में घर-घर तक बिजली पहुंच चुकी है। बड़ी-बड़ी सड़कें बनाई जा रही हैं। इनमें से एक पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे का रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। चार वर्ष में भाजपा ने 14 राज्यों में सरकार बनाई है, जिससे देश में उसकी बढ़ती लोकप्रियता का पता चलता है।