बीएचयू में पुतला दहन पर भिड़े छात्र-प्रॉक्टोरियल बोर्ड, केंद्रीय कार्यालय के पास प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का छात्र सुरक्षा सहित 10 सूत्रीय मांगों पर अनिश्चितकालीन धरना 11वें ...और पढ़ें

बीएचयू में छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के बीच झड़प, प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन।
HighLights
अभाविप का बीएचयू में 10 सूत्रीय मांगों पर 11वें दिन भी धरना।
छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर और विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला जलाया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड में हुई झड़प।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय में छात्र सुरक्षा समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 11वें दिन भी जारी रहा। केंद्रीय कार्यालय के पास प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चीफ प्रॉक्टर और विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों के बीच झड़प हो गई। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। अभाविप कार्यकर्ताओं ने चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफे, प्रॉक्टोरियल बोर्ड की जवाबदेही तय करने और लंबित मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने बताया कि मांगों में परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अनधिकृत प्रवेश पर रोक, सीसीटीवी व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, छात्र उत्पीड़न पर रोक, आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मामलों की समीक्षा, सभागार आवंटन की जांच और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं।
पुनीत कुमार ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने प्रशासन से छात्रों से संवाद कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
