कालेज परिसर में छात्रा ने लगाई आग, गंभीर हाल में अस्पताल में किया गया भर्ती balia news
मनियर थाना क्षेत्र के दुर्गीपुर गांव स्थित श्रीजय नारायण इंटर कालेज में गुरुवार की सुबह दस बजे छात्रा नंदिनी सिंह ने मिट्टी तेल शरीर पर गिराकर आग लगी ली।
बलिया, जेएनएन। गुरुवार की सुबह इंटरमीडिएट की 17 वर्षीय छात्रा ने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। आग लगते ही वह विद्यालय की सीढिय़ों से सीधे अपने कक्षा में आग की लपटों के बीच चिल्लाते हुए भागी। यह घटना सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुर्गिपुर स्थित श्रीजय नारायण इंटर कालेज में सुबह लगभग 10 बजे के करीब हुई। छात्रा के शरीर में आग की लपटें व चिल्लाने की आवाज सुनकर सभी अध्यापक व छात्रों ने किसी तरह आग बुझाया और उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेरुआरबारी पर ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। इस घटना से विद्यालय के छात्रों में दहशत का माहौल है। यह हृदय विदारक दृश्य देखकर अधिकांश बच्चें रोने लगे वहीं कई छात्राएं बेहोश हो गईं जिसे देखते हुए तत्काल विद्यालय की छुट्टी कर दी गयी।
घटना का कारण स्पष्ट नहीं
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के धनौती निवासी ओमप्रकाश की बेटी नन्दनी उक्त विद्यालय में 12 वीं की छात्रा हैं। वह गुरुवार के दिन सुबह 10 बजे क्लास की पहली घण्टी की पढ़ाई अभी शुरू ही हुई थी तभी पानी पीने के लिए कक्षा के बाहर निकली। फिर विद्यालय की सीढिय़ों पर बैठकर छोटे बॉटल में लाई पेट्रोल शरीर पर उड़ेल लिया। माचिस जलाते ही उसके पूरे शरीर में तेज आग की लपटें उठने लगीं। वह वहां से चिल्लाते हुए अपने कक्षा के कमरे तक पहुंच गई। यह दृश्य देख विद्यालय में चीख- पुकार मच गई । अध्यापकों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस चौकी बेरुआरबारी को खबर मिलते ही चौकी इंचार्ज राम अनुज शुक्ल, शिवशंकर ठाकुर अपने पूरे दल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली। विद्यालय में उसी कक्षा में पढ़ रही नंदिनी की बड़ी बहन दिब्या ने घर पर या विद्यालय में किसी तरह की किसी से कोई झगड़ा या विवाद न होने की बात बतायी । प्रधानाचार्य लक्ष्मण मिश्र ने बताया कि छात्रा ने किन कारणों से यह कदम उठाया है। इसका पता अभी नहीं चल पाया है।
एसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया
छात्रा नन्दनी के आग लगाकर जलने की सूचना के कुछ ही घंटे बाद पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ ने घटनास्थल का जायजा लिया। मातहतों को जांच कर सही तथ्यों की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया। नंदिनी की बड़ी बहन दिव्या, जो उसी की कक्षा में पढ़ती है, घटना के बाद अपने देल्हुआ निवासिनी सहेली के साथ उसके घर चली गयी। चौकी इंचार्ज राम अनुज शुक्ल ने मोबाइल से पुलिस अधीक्षक से उनकी बात कराई लेकिन घटना क्यों घटी इसका पता नहीं चल सका। अपर पुलिस संजय यादव, सीओ सदर अरुण कुमार सिंह सुखपुरा थाना अध्यक्ष व फोर्स विद्यालय प्रवन्धक व प्रधानाचार्य से घटना की जानकारी लेने के साथ ही उसके गांव धनौती गए जहां गांव के लोगों से घटना से सम्बंधित जानकारी ली। अभी तक यह नहीं पता चल सका कि उक्त छात्रा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।