विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में स्पाइसजेट ने की वापसी; साढ़े तीन महीने बाद फ‍ि‍र से खुला कार्यालय, 18 अक्टूबर से शुरू होंगी उड़ानें

By Naushad KhanEdited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 14 Oct 2026 12:22 PM (IST)

साढ़े तीन महीने बाद वाराणसी में स्पाइसजेट का कार्यालय फिर से खुल गया है, जिससे कर्मचारियों को राहत मिली है। ...और पढ़ें

वाराणसी में स्पाइसजेट की वापसी, साढ़े तीन महीने बाद कार्यालय खुला, 18 अक्टूबर से फिर भरेंगी उड़ानें।

वाराणसी में स्पाइसजेट की वापसी, साढ़े तीन महीने बाद कार्यालय खुला, 18 अक्टूबर से फिर भरेंगी उड़ानें।

HighLights

  1. वाराणसी में साढ़े तीन महीने बाद स्पाइसजेट कार्यालय फिर खुला।

  2. 18 अक्टूबर से पुणे के लिए उड़ानें होंगी दोबारा शुरू।

  3. कर्मचारियों को रोजगार संकट के बाद मिली बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, (बाबतपुर) वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट के यात्रियों और कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। परिचालन बंद होने के साढ़े तीन महीने बाद आखिरकार बुधवार को स्पाइसजेट का कार्यालय स्थानीय स्टेशन प्रबंधक राजेश सिंह की उपस्थिति में दोबारा खोल दिया गया। कार्यालय खुलने के साथ ही कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।

18 अक्टूबर से फिर भरेगी उड़ान
स्थानीय स्टेशन प्रबंधक के साथ लगभग आधा दर्जन कर्मचारी बुधवार को एयरपोर्ट पहुंचे और कार्यालय का ताला खोला गया। कंपनी आगामी 18 अक्टूबर से वाराणसी से अपनी विमान सेवाओं को एक बार फिर से बहाल करने जा रही है।

पहला रूट: सबसे पहले 18 अक्टूबर से पुणे के लिए विमान सेवा शुरू की जाएगी।
आगे की योजना: पुणे के बाद चरणबद्ध तरीके से दिल्ली और मुंबई के लिए भी उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।

25 जून को बंद हो गई थीं सभी सेवाएं
गौरतलब है कि बीते 25 जून को स्पाइसजेट ने वाराणसी से अपनी सभी नियमित उड़ानें अनिश्चितकाल के लिए रोक दी थीं। एयरलाइन द्वारा परिचालन लागत और एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) की लगातार बढ़ रही कीमतों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया गया था।
वाराणसी से पहले 14 से 15 उड़ानें संचालित करने वाली स्पाइसजेट की अंतिम उड़ान (SG-506) गुरुवार 25 जून को शाम मुंबई के लिए रवाना हुई थी, जिसके बाद एयरलाइन ने अपने विमानों को दिल्ली और मुंबई हैंगर पर शिफ्ट कर दिया था।

कर्मचारियों के सामने आ गया था रोजगार का संकट
उड़ानें बंद होने के कारण कंपनी में कार्यरत लगभग 100 से अधिक कर्मचारी बेरोजगार हो गए थे और उनके सामने गंभीर रोजगार का संकट खड़ा हो गया था। इस लंबे अंतराल के दौरान कुछ कर्मचारियों ने अन्य कंपनियों में नौकरी ढूंढ ली तो कुछ ने खुद का व्यवसाय शुरू कर लिया। अब एक बार फिर से फ्लाइट्स शुरू होने से बचे हुए कर्मचारियों में खुशी और राहत का माहौल है।