विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एयर शो पर वायुसेना का विशेष डाक टिकट जारी, टिकट पर गंगा के ऊपर उड़ान भरते विमानों और काशी की सांस्कृतिक छवि

By Shivam SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 01:12 PM (IST)

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने वाराणसी में 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के दौरान विशेष डाक टिकट ...और पढ़ें

वाराणसी एयर शो में वायुसेना प्रमुख ने जारी किया विशेष डाक टिकट, गंगा पर उड़ते विमानों की छवि।

वाराणसी एयर शो में वायुसेना प्रमुख ने जारी किया विशेष डाक टिकट, गंगा पर उड़ते विमानों की छवि।

HighLights

  1. वायुसेना प्रमुख ने 'विंग्स ओवर गंगा' में डाक टिकट जारी किया।

  2. टिकट पर गंगा के ऊपर उड़ते लड़ाकू विमान दर्शाए गए।

  3. एयर चीफ मार्शल ने जनता से मिलकर उत्साह बढ़ाया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रविवार को वाराणसी में चल रहे भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अवसर पर विशेष डाक टिकट जारी किया। इस समारोह में वाराणसी की डाक प्रमुख भी मौजूद रहीं। एयर चीफ मार्शल ने इस मौके पर आम जनता के बीच जाकर लोगों से मुलाकात की और हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हवाई प्रदर्शन को यादगार बनाने के लिए डाक विभाग द्वारा तैयार किए गए स्मारक डाक टिकट का अनावरण किया।

टिकट पर गंगा के ऊपर उड़ान भरते लड़ाकू विमानों और काशी की सांस्कृतिक छवि को दर्शाया गया है। समारोह में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

एयर चीफ मार्शल ने कहा कि यह डाक टिकट न केवल वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रतीक है, बल्कि काशी की पवित्र भूमि पर आयोजित इस ऐतिहासिक एयर शो को भी अमर बनाता है।

उन्होंने डाक विभाग के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति और वायुसेना के प्रति आकर्षण जगाते हैं। समारोह के बाद एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर घाट पर जमा लोगों से सीधे मुलाकात की।

उन्होंने बच्चों और युवाओं से हाथ मिलाया, उनकी बातें सुनीं और उन्हें वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोग एयर चीफ मार्शल के आसपास जमा हो गए और उनका जोरदार स्वागत किया। कई लोगों ने सेल्फी भी ली।

भारतीय वायुसेना का तीन दिवसीय एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 100 विमान भाग ले रहे हैं। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी इस शो को देखने आए हैं। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके इस जनसंपर्क ने पूरे आयोजन को और भी यादगार बना दिया।