वाराणसी में मां की पिटाई से क्षुब्ध बेटे ने दोस्तों संग मिलकर की थी पिता की हत्या, ऐसे खुला राज
वाराणसी में दूध कारोबारी राजेश पटेल की हत्या का खुलासा हुआ है। छोटे बेटे शिवम ने घरेलू हिंसा से परेशान ...और पढ़ें

वाराणसी में बेटे ने दोस्तों संग मिलकर की पिता की हत्या, घरेलू कलह बना कारण।
HighLights
बेटे ने घरेलू हिंसा से तंग आकर पिता को मारा।
पुलिस ने छोटे बेटे शिवम और एक दोस्त को पकड़ा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गोली लगने की पुष्टि हुई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर में बीते 22 अक्टूबर की रात कमरे के बाहर सो रहे दूध तथा मवेशी के कारोबारी 45 वर्षीय राजेश पटेल की गोली मारकर हत्या हुई थी। वारदात को छोटे बेटे ने दो दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने छोटे बेटे शिवम व उसके साथी रमेश बादशाह को गिरफ्तार कर लिया है।
तीसरे आरोपित और घटना में इस्तेमाल असलहे की तलाश पुलिस कर रही है। 22 अक्टूबर की रात पिसौर में कमरे के बाहर चौकी पर सो रहे 45 वर्षीय राजेश पटेल गंभीर हालत में घायल मिले थे। स्वजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान सिर का सीटी स्कैन किया गया, लेकिन चोट का कारण पता नहीं चल सका।
इस दौरान 24 अक्टूबर की दोपहर में मौत हो गई। जब शव का पोस्टमार्टम किया गया तो पता चला कि सिर में गोली मारी गई थी। मामले में मृतक के छोटे भाई सुरेंद्र कुमार ने केस दर्ज कराया था। हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने पर स्वजन ने शनिवार की रात पिसौर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया था। पुलिस ने समझाकर शांत कराया।
जांच करने पर पुलिस को छोटे बेटे शिवम की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो हत्या का राज खुल गया। पता चला कि राजेश पटेल ने बड़े बेटे शुभम को प्रेम विवाह करने पर घर से निकाल दिया था। वहीं, आए दिन पत्नी व छोटे बेटे से मारपीट करता था। इससे नाराज होकर छोटा बेटा शिवम छह महीने से पिता की हत्या करने के लिए अपने दोस्त रमेश बादशाह को बोल रहा था।
लेकिन वह टालमटोल करता जा रहा था। शिवम ने जब ज्यादा दबाव बनाया तो रमेश ने अपने एक और दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। गोली रमेश बादशाह ने ही मारी थी। एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक ने बताया कि हत्या में शामिल छोटे बेटे शिवम और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल असलहा और तीसरे आरोपित की तलाश हो रही है।
छोटे बेटे के मोबाइल फोन से खुला हत्या का राज
घटना के बाद मां ने बेटे को बचाने के लिए देवर सुरेंद्र तथा पुलिस से सच्चाई छिपाई। उसने बताया कि वह अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी, लेकिन जब पुलिस ने मृतक के छोटे बेटे शिवम के मोबाइल को जांचा तो पता चला कि वह पूरी रात किसी लड़की से बात कर रहा था। इसके आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और मामला खुल गया।
