CBSE Exam 2020 : मॉक टेस्ट से बढ़ेगा आत्मविश्वास, पांच साल के प्रश्न पत्र और सैंपल पेपर को तीन घंटे में करें हल
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही है।
वाराणसी, जेएनएन। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हो रही है। ऐसे में वर्तमान समय रिवीजन के लिए है। पिछले पांच साल के प्रश्न पत्र व सैंपल पेपर हलकर किसी भी विषय में अच्छे अंक हासिल किए जा सकते हैं। परीक्षा की भांति घर पर तीन घंटे के भीतर मॉडल पेपर हल करें। इस मॉक टेस्ट से आत्मविश्वास बढ़ेगा और परीक्षा का तनाव दूर होगा। सीबीएसई की 10वीं में सोशल साइंस का सिलेबस बड़ा है। ऐसे में अंकों की उड़ान के लिए सबसे पहले छात्रों को सिलेबस व परीक्षा पैर्टन समझना होगा। हाईस्कूल में सामाजिक विज्ञान विषय काफी मत्वपूर्ण है। इसमें इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र व राजनीति विज्ञान शामिल है। ऐसे में चारों विषयों का बोध होने के साथ तथ्यों के बारे में स्पष्ट होना आवश्यक है।
संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल (कोईराजपुर-हरहुआ) के अध्यापक आदिश तिवारी के अनुसार सीबीएसई 10वीं के सामाजिक विज्ञान में अच्छे अंक हासिल करने के कुछ टिप्स इस प्रकार हैैं...
-एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ें। परीक्षा में इन्हीं किताबों से प्रश्न पूछे जाते हैं।
-इतिहास, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र व भूगोल महत्वपूर्ण तथ्यों का बनाएं नोट्स।
- सामाजिक विज्ञान के पेपर में मानचित्र सबसे महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में मानचित्र के बिंदुओं की समझ विकसित करने के लिए करें प्रैक्टिस।
-यथासंभव क्रमवार तरीके से प्रश्नों का उत्तर दें। हालांकि कोई प्रश्न कठिन या समझ में नहीं आ रहा है तो उस पर समय न बर्बाद करें। उस प्रश्न को छोड़ कर आगे बढ़ें। ऐसे में समय की बचत होगी। कठिन लगने वाले प्रश्नों का उत्तर अंत में दें।
-कोशिश यह करें कि परीक्षा समाप्त होने के दस मिनट पहले सभी प्रश्नों का उत्तर दे दें ताकि बचे समय में रिवीजन हो सके।
- प्रश्नों का उत्तर देते समय हेडिंग देकर लिखें। कुछ प्वाइंट भी दें। इससे आपको अन्य छात्रों की तुलना में अच्छे अंक मिल सकते हैं।
-कोई भी प्रश्न याद करने के बाद कम से कम तीन बार लिखकर अभ्यास करें। इससे परीक्षा के दौरान भूलने का खतरा नहीं रहेगा। लिखने की भी प्रैक्टिस बनी रहेगी।
- अनावश्यक रूप से उत्तर को विस्तार न दें। शब्द सीमा का ध्यान रखें।
गुरुमंत्र
-टाइम टेबल बनकर करें पढ़ाई।
- सामाजिक विज्ञान का पेपर बड़ा होता है। ऐसे में टाइम मैनेजमेंट का रखें विशेष ध्यान।
-सात-आठ घंटे लगातार पढऩे से बचें। दो-तीन घंटे के बीच आधा घंटा का दें ब्रेक।
-महत्वपूर्ण प्वाइंट को रेखांकित कर हाईलाइट करें।
-यथा संभव परीक्षा के दौरान भरपूर नींद लें। नींद पूरी नहीं होने पर पढ़ा हुआ भी भूलने का खतरा रहता है।
- परीक्षा के दौरान पौष्टिक भोजन भी लेने का प्रयास करें।
-संगीत तनाव दूर करने में सहायक होता है। ऐसे में आधे घंटे मनपसंद संगीत भी सुन सकते हैं।
- तनाव से रहें दूर, आत्मविश्वास बनाए रखने की जरूरत।
- खुद को रखें शांत, लें भरपूर नींद।
कैसे-कैसे होंगे प्रश्न
चार खंड में 80 अंक का पेपर
सेक्शन 'ए' में एक-एक अंक के 20 प्रश्न,
सेक्शन 'बी' में तीन-तीन अंक के आठ प्रश्न,
सेक्शन 'सी' में पांच-पांच अंक के छह प्रश्न
एक मैप स्किल आधारित छह अंक के प्रश्न