वाराणसी में सर्प दंश से किशोर सहित दो लोगों की मौत, सांप काटने की घटनाओं में हुआ इजाफा
चौबेपुर क्षेत्र के हंडियाडीह गांव के निवासी संजय कुमार माली का बेटा श्रीकांत (17) घर में सोया हुआ था। शनिवार की भोर में सोते समय बिस्तर पर उसे सर्प ने डस लिया। सुबह मुंह से झाग देख जब परिजनों को जानकारी हुई तो वे झाड़-फूंक करने लगे।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। चौबेपुर क्षेत्र के हंडियाडीह गांव के निवासी संजय कुमार माली का बेटा श्रीकांत (17) घर में सोया हुआ था। शनिवार की भोर में सोते समय बिस्तर पर उसे सर्प ने डस लिया। सुबह मुंह से झाग देख जब परिजनों को जानकारी हुई तो वे झाड़-फूंक करने लगे। गांव के कुछ लोग एक घण्टे तक झाड़ फूंक किये। हालत बिगड़ने पर परिजन चोलापुर के धरसौना बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार वह पहलवान भी था और वह तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। पिता माला फूल का काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर कोहराम मच गया।
इसी तरह क्षेत्र के सुंगुलपुर गांव के निवासी लालती यादव (60) पत्नी सेवा यादव की शनिवार की सुबह सात बजे सर्प काटने से मौत हो गई। वह सुबह घर में झाड़ू लगा रही थी तभी सर्प ने डस लिया। परिजनों ने महिला को चोलापुर के धरसौना बाजार स्थित अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका को दो पुत्र हैं। सेवा यादव को दो वर्ष से लकवा मार दिया है तभी से बेड पर ही रहते है। दोनों लड़के खेती के साथ पशु चराते हैं व मजदूरी कर जीवकोपार्जन करते हैं।