भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ की बैठक में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने समस्याओं पर दिलाया भरोसा
भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से मन की बात कार्यकम में अपनी बात रखी।
वाराणसी, जेएनएन। भाजपा मत्स्य प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी से मन की बात कार्यकम में अपनी बात रखी। सभी ने एक स्वर में गंगा में क्रूज चलाने के बाबत शिकायत दर्ज कराई कि मछुआरों को इस संबंध में विश्वास में नहीं लिया गया।
अस्सी घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में मछुआ समाज की 17 जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की भी मांग की गई। इस आशय की रिपोर्ट एक कमेटी ने 1949 में दी थी। मछुआरों ने मांग की कि नदी संपदा जैसे बालू खनन, मछली पालन नौकायन आदि मछुआरा समाज के लिए ही कानूनन सुरक्षित किया जाय। सांसद रामचरित्र निषाद ने कहा कि मछुआरों की मांग जायज है। उनपर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की जरूरत है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मछुआरों की मांगों को सरकार के माध्यम से प्रभावी ढंग से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश संयोजक कन्हैया लाल निषाद, क्षेत्रीय संयोजक राकेश बिंद, क्षेत्रीय सह संयोजक बद्री प्रसाद निषाद, वीरेंद्र निषाद, शंकर साहनी, ग्राम प्रधान द्वय सुरेंन्द्र नाथ बिंद, बनारसी निषाद आदि शामिल थे।