विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौसम व‍िभाग ने जारी क‍िया चौंकाने वाला यलो अलर्ट, वाराणसी सह‍ित पूर्वांचल में फ‍िर होगी झमाझम बरसात

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 21 Sep 2026 12:14 PM (IST)

मौसम विभाग ने वाराणसी सहित पूर्वांचल में इस सप्ताह के अंत में भारी बारिश और थंडरस्टॉर्म के लिए यलो अलर्ट ...और पढ़ें

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का बदलेगा मिजाज, झमाझम बारिश का यलो अलर्ट।

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का बदलेगा मिजाज, झमाझम बारिश का यलो अलर्ट।

HighLights

  1. मौसम विभाग ने पूर्वांचल में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया।

  2. इस सप्ताह 24 से 26 सितंबर तक झमाझम बरसात होने की संभावना है।

  3. गुलाबी ठंड की आहट, अक्टूबर से बढ़ेगी ठंडक वाराणसी में।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सह‍ित वाराणसी में मौसम का रुख एक बार फ‍ि‍र से बदलने जा रहा है। मौसम व‍िभाग की ओर से इस सप्‍ताह के आख‍िर में मौसम में बदलाव का संकेत द‍िया गया है। वैसे तो मानसून एक पखवारे बाद ही वापस होगा लेक‍िन उसके पूर्व ही मानसूनी बादल पूर्वांचल में झमाझम बरसात इसी सप्‍ताह करने जा रहे हैं। मौसम व‍िभाग ने इस बाबत यलो अलर्ट भी जारी क‍िया है। 

वहीं सोमवार की सुबह आसमान बादलों की कैद में बना रहा और उमस का स्‍तर भी कुछ बढ़ा हुआ नजर आया। हालांक‍ि द‍िन चढ़ने के साथ ही पुरवा हवाओं का जोर प्रभावी हुआ और बादलों की आवाजाही के साथ ही आसमान भी दोपहर होते होते साफ हो गया। साफ आसमान के साथ ही बदलते वातावरण का असर भी साफ नजर आया। सुबह ठंडी हवाओं का असर भी बना रहा और घरों में कूलर एसी भी बंद होने लगे हैं। 

मौसम व‍िभाग ने इस पूरे सप्‍ताह बादलों की आवाजाही का संकेत देने के साथ ही वातावरण में बदलाव का बड़ा संकेत द‍िया है। इस सप्‍ताह 24 से 26 स‍ितंबर तक बादल झमाझम बरसात कराएंगे। मौसम व‍िभाग ने इन तीन द‍िनों तक के ल‍िए यलो अलर्ट जारी क‍िया है। यलो अलर्ट में मौसम व‍िभाग ने भारी बार‍िश और थंडर स्‍टार्म का संकेत देकर इस सप्‍ताह के आख‍िर में सतर्कता की बात कही है। इसके साथ ही वातावरण में बदलाव भी इस सप्‍ताह के बाद स्‍पष्‍ट होने लगेगा। 

मौसम का रुख अब पुरवा के साथ ही ठंडी की ओर भी होने जा रहा है। व‍िगत सप्‍ताह से ही सुबह से आंचल‍िक क्षेत्रों में कुहासा का दौर नजर आने लगा है। माना जा रहा है क‍ि अब कांस के फूलने के साथ ही गुलाबी ठंडक का दौर भी पूर्वांचल में सक्र‍िय होने लगेगा। मौसम व‍िभाग ने भी आगे मौसमी बदलाव का संकेत द‍िया है। जबकि‍ अक्‍टूबर माह की शुरुआत के साथ ही गुलाबी ठंड भी साफ नजर आने लगेगी। 

बीते चौबीस घंटों में अध‍िकतम तापमान 34.0°C दर्ज क‍िया गया जो सामान्‍य से 0.4 डि‍ग्री अध‍िक रहा। न्‍यूनतम तापमान 24.6°C दर्ज कि‍या गया जो सामान्‍य से 0.7 डि‍ग्री कम रहा। वहीं आर्द्रता न्‍यूनतम 81% और अध‍िकतम 87% दर्ज की गई। आर्द्रता में कमी की वजह से बार‍िश के संकेत कम हैं। लेक‍िन न्‍यूनतम तापमन 25 ड‍िग्री से कम होने के साथ ही अब गुलाबी ठंडक की आहट का संकेत पूर्वांचल में है। मगर बार‍िश का यलो अलर्ट होने से माना जा रहा है क‍ि इस सप्‍ताह बार‍िश के बाद तापमान में और कमी आ सकती है।