वाराणसी में घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 के सशक्तीकरण के लिए हस्ताक्षर अभियान का आयोजन
घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005 के सशक्तीकरण के लिए मंगलवार को मिर्जामुराद बाजार में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
वाराणसी, जेएनएन। घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005 के सशक्तीकरण के लिए मंगलवार को मिर्जामुराद बाजार में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। लोक समिति, एशियन ब्रीज इंडिया और एक साथ अभियान के बैनर तले भेदभाव मिटायेंगे नया समाज बनायेंगे अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने घरेलू महिला हिंसा, बाल विवाह और यौन उत्पीड़न को रोकने के लिए हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया। इस अवसर पर लोगों को अधिनियम से सम्बंधित पर्चे और पोस्टर वितरित किए गए।
अभियान का संचालन कर रहे लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि 2005 में लागू इस अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। घरेलू हिंसा के कारण महिलाओं की स्थिति दयनीय बनी हुई है। पुलिस इस अधिनियम के बजाय दूसरे नियमों के तहत केस दर्ज करती है। इस कारण महिलाओं को न्याय के लिए न्यायालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अधिनियम के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए समानता के साथी रामबचन ने कहा कि इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने संरक्षण अधिकारियों, सेवादाताओं की शक्तियों और दायित्व, आश्रय गृहों के दायित्व और संरक्षण अधिकारियों की नियुक्ति इस कानून के अंतर्गत करने की बात कही ताकि इसे सशक्त बनाया जाए। अभियान में रामबचन रणविजय सिंह फौजिया शैलेन्द्र सिंह वीरेंद्र कुमार अजीत यादव प्रियांशु मानवीय चौबे शिवानी तनु कोमल रंजना आदि लोगों ने भागीदारी निभाई।