Navratri 2020 : शारदीय नवरात्र में फलाहार के लिए सस्ते मेवे संग बाजार में ग्राहकों का इंतजार
नवरात्र में नौ दिन व्रत रखने वाले लोगों के लिए फलाहार का बाजार तैयार है। इस समय पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी गोला दीनानाथ में मेवा खरीदने वाले अन्य जिलों के व्यापारियों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि अभी कुछ मेवे को छोड़कर शेष के भाव स्थिर हैं।
वाराणसी, जेएनएन। नवरात्र में नौ दिन व्रत रखने वाले लोगों के लिए फलाहार का बाजार तैयार है। इस समय पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी गोला दीनानाथ में मेवा खरीदने वाले अन्य जिलों के व्यापारियों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि अभी कुछ मेवे को छोड़कर शेष के भाव स्थिर हैं। मंडी के व्यापारी नवनीत कुमार ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर बाजार में नई फसल आ जाएगी। उसके बाद मेवों के भाव करीब 10 से 15 फीसद तक सस्ता होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि नवरात्र के कारण इस समय मंडी में भरपूर स्टाक है। अगले सप्ताह नवरात्र शुरू होने तक और स्टाक आ जाएगा।
मखाना और छुहारा हुआ सस्ता
मंडी के व्यापारियों ने बताया कि नई फसल आने के कारण मखाना और छुहारा सस्ता हुआ है। जब से बिहार के दरभंगा से मखाना की नई खेप बाजार में आई है तब से मखाना करीब 50 रुपये प्रति किलो तक सस्ता हुआ है। वहीं छुहारा भी जहां 220 से 250 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा था वह अब 170 से 220 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है।
फुटकर दुकानदार वसूल रहे अधिक कीमत
बाजार में मेवे की नई फसल आने के बाद से गोला दीनानाथ मंडी में मेवे की कीमतों में गिरावट हुई है, लेकिन फुटकर दुकानदार और डिपार्टमेंटल स्टोर में अब भी पुराने रेट पर ही बिक्री की जा रही है। मंडी में मखाना का भाव 520 रुपये प्रति किलोग्राम होने के बावजूद फुटकर विक्रेता 750 रुपये प्रति किलोग्राम ही बेच रहे हैं। यही हाल छुहारा का भी है।
काजू | 700-750 |
किशमिश | 180-300 |
छुहारा | 170-220 |
बादाम | 600-640 |
अखरोट | 700-1200 |
मखाना | 480-520 |
अंजीर | 600-800 |
कुट्टू का चावल | 100-120 |
सिंघाड़ा का आटा | 80-100 |
मूंगफली | 80-85 |
इम्यूनिटी में होती है वृद्धि
नौ दिन का व्रत रखने वाले लोग ज्यादातर सूखे मेवे का प्रयोग करते हैं। इससे शरीर में इम्यूनिटी की वृद्धि होती है। इसके सेवन से व्रत के दिनों में बार-बार भूख नहीं लगती है। ज्यादातर लोग व्रत में मीठा खाद्य पदार्थ के साथ-साथ मेवे का नमकीन भी बना लेते हैं जिससे शरीर में नमक की मात्रा भी बनी रहती है।