शबाना आजमी पहुंचीं पैतृक गांव, सुभांतो घोष की डाक्यूमेंट्री फिल्म कैफीनामा देखेंगे लोग
मशहूर सिने तारिका व पूर्व राज्यसभा सदस्य शबाना आजमी रविवार को अपने पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं।
आजमगढ़, जेएनएन। मशहूर सिने तारिका व पूर्व राज्यसभा सदस्य शबाना आजमी रविवार को अपने पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं। उनके आवास फतेह मंजिल पर महिलाओं ने गांव की बिटिया की आरती उतारी और माला पहनाकर स्वागत किया। सिने तारिका ने सभी का कुशलक्षेम पूछा और फिर दो दिन पहले बीते सावन को याद कर महिलाओं से कजरी सुनना नहीं भूलीं।
पांच दिवसीय मेजवां प्रवास के पहले ही दिन शबाना आजमी का नारी सशक्तीकरण की दिशा में भाव देखने को मिल गया। मौका मिला कि नहीं आवास पर ही महिलाओं के आर्थिक उत्थान पर चर्चा करने लगीं। उन्होंने राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण (एनआरएलएम) के लाभ की विस्तृत जानकारी दी। आह्वान किया कि महिलाएं समूह बनाएं और महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं। बलेन-देन बेहतर रहा तो समूह में कारोबार के लिए बैंक ऋण भी देगा। इससे उनकी दैनिक दिनचर्या में व्यस्तता बढ़ेगी और आर्थिक रूप से सुदृढ़ भी होंगी। पिछले दिनों कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर में सुभांतो घोष द्वारा मशहूर शायर व फिल्म गीतकार कैफी आजमी पर बनाई गई डाक्यूमेंट्री फिल्म कैफीनामा का सोमवार को प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा मशहूर अदाकारा व राज्यसभा सदस्य रेखा गणेशन की निधि से बने बैडमिंटन कोर्ट परिसर में पौधरोपण करेंगी। मेजवा वेलफेयर सोसायटी के डिप्टी मैनेजर आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि 21 अगस्त को दिन में 12.30 बजे कैफी आजमी कन्या इंटर कालेज में जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुंबई से सिने तारिका के साथ जेट एयरवेज के मालिक नरेश गोयल की पुत्री नम्रता गोयल, सुषमा व सलोनी आईं हैं। स्वागत करने वालों में कैफी आजमी चिकनकारी सेंटर की इंचार्ज संयोगिता प्रजापति, सुनीता, मुकेश सिंह, गोपाल, सीताराम आदि थे।