वाराणसी दालमंडी में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू, भूमिगत पाइपलाइन डालने की तैयारी, जल्द बनेगी सड़क
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत वाराणसी में सीवर लाइन बिछाने का कार्य सोमवार से शुरू हो गया है। यह ...और पढ़ें

वाराणसी दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण के साथ सीवर लाइन बिछाने का कार्य प्रारंभ।
HighLights
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू।
भूमिगत पाइपलाइन तकनीक से बिना पूरी सड़क खोदे बिछाई जा रही है।
जलजमाव की समस्या दूर होगी, नवंबर तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत सीवर लाइन बिछाने का काम सोमवार से शुरू हो गया है। चौक थाने की ओर करीब 4.30 मीटर गहरा गड्ढा खोदकर पाइपलाइन डालने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए काम चल रहा है। गड्ढे के चारों तरफ सुरक्षा के लिए लोहे के गार्ड व प्लेट लगाए जा रहे हैं।
मौके पर सीवर लाइन में इस्तेमाल होने वाली लोहे की पाइप भी पहुंचा दी गई है। करीब पांच मीटर लंबाई और तीन मीटर चौड़ाई में गड्ढा खोदा गया है। इसी गड्ढे के माध्यम से पाइप को जमीन के अंदर प्रेस कर आगे बढ़ाया जाएगा। इससे पूरी सड़क की खोदाई किए बिना भूमिगत सीवर पाइपलाइन बिछाई जा सकेगी। मौके पर पहुंचाई गई लोहे की पाइप करीब दो फीट चौड़ी और 20 फीट लंबी है।
दालमंडी में पहले से क्षतिग्रस्त सीवर व पेयजल पाइप लाइनों के कारण जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सीवर लाइन बिछने के बाद क्षेत्र में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इसके बाद सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा। माना जा रहा है कि शेष प्रक्रिया भी जल्द शुरू हो जाएगी।
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 650 मीटर लंबे मार्ग को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसमें 10 मीटर सड़क और दोनों तरफ 3.5-3.5 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाया जाएगा। परियोजना की जद में 181 भवन और छह मस्जिदें प्रभावित हुई हैं। परियोजना को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
