आजमगढ़ में विषाक्त चाय पीने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती
बंशी बाजार में शनिवार की सुबह विषाक्त चाय पीने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार हो गए, बीमार हुए लोगों में एक वृद्ध, एक महिला सहित पांच बच्चे शामिल हैं।
आजमगढ़़, जेएनएन । शहर कोतवाली क्षेत्र के बंशी बाजार में शनिवार की सुबह विषाक्त चाय पीने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों में एक वृद्ध, एक महिला व पांच बच्चे शामिल हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। बंशी बाजार निवासी 60 वर्षीय रामचंदर यादव पुत्र राम नरायन यादव की घर के सामने ही चाय की दुकान है जहां पर सभी ने सुबह चाय पी थी।
शनिवार की सुबह परिवार की एक महिला ने दुकान खोलने के बाद चाय बनाया। उक्त चाय का परिवार के सदस्यों ने सेवन किया। चायपीने के कुछ देर बाद परिवार के एक-एक सदस्य बीमार होने लगे। जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पास पड़ोस के लोगों की मदद से बीमार लोगों को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भर्ती कराए गए लोगों में 60 वर्षीय रामचंदर यादव के अलावा 30 वर्षीय माधुरी देवी पत्नी मोती यादव, 6 वर्षीय सुंदरम, पुत्र शिव यादव, 4 वर्षीय सिरसती देवी पुत्री शिव यादव, 8 वर्षीय पापुलर यादव पुत्र मोती यादव, 12 वर्षीय अंजू व 13 वर्षीय मोनू पुत्री तहसीलदार यादव शामिल हैं। परिजनों ने दूध के ही विषाक्त होने की संभावना जताई है। डाक्टरों ने सभी की हालत खतरे से बाहर बताया है।