सीमा द्विवेदी जौनपुर जिला पंचायत सदस्य से शुरू की राजनीति, तीन बार बनीं विधायक
जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर विधानसभा से पूर्व विधायक एवं भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सीमा द्विवेदी का राजनीतिक सफर वर्ष 1995 में बतौर जिला पंचायत सदस्य पद से शुरू हुआ। सुजानगंज से जिपं सदस्य चुने जाने के एक वर्ष बाद 1996 में हुए चुनाव में गड़वारा से विधायक बन गईं।
जौनपुर, जेएनएन। राज्यसभा की दस सीटों में से आठ पर भाजपा प्रत्याशी की घोषित सूची में जौनपुर की पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी के चयनित होने पर समर्थकों में हर्ष व्याप्त हो गया है। इसके पूर्व जिले के कपिलदेव वर्मा कांग्रेस से दो बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं। इंदिरा गांधी के करीबी रहे कपिलदेव शहर के ओलन्दगंज के रहने वाले थे। उनकी पहचान जाने-मानें अधिवक्ता व पत्रकार के तौर पर होती रही है।
मुंगराबादशाहपुर विधानसभा से पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सीमा द्विवेदी का राजनीतिक सफर वर्ष 1995 में बतौर जिला पंचायत सदस्य पद से शुरू हुआ। सुजानगंज से जिला पंचायत सदस्य चुने जाने के एक वर्ष बाद 1996 में हुए चुनाव में गड़वारा विधानसभा से विधायक बन गईं। इसके बाद 2007 में गड़वारा विधानसभा से दोबारा विधायक बनीं। उन्हें वर्ष 2012 में नवसृजित मुंगराबादशाहपुर की पहली विधायक बनने का गौरव भी प्राप्त हैं। 1971 में भुईला गांव में जन्मी सीमा द्विवेदी एमए, बीएड की शिक्षा ग्रहण करने के बाद जूनियर हाईस्कूल में शिक्षक नियुक्त हुईं। ये सिकरारा के भुईला निवासी व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मातासेवक उपाध्याय की पुत्री है, वह अपने पिता को ही अपना राजनीतिक गुरु मानती है। इनका विवाह सुजानगंज के अचकारी निवासी जगदीश द्विवेदी के पुत्र डा.अरुण कुमार द्विवेदी के साथ हुआ जो बीएचयू वाराणसी में वरिष्ठ चिकित्सक हैं। तीन बार विधायक होने का गौरव प्राप्त करने वाली सीमा द्विवेदी की गिनती जिले के कद्दावर नेताओं में होती हैं।
प्रत्याशी बनाए जाने पर खुशी
भाजपा जिला मछलीशहर के पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को जिलाध्यक्ष रामविलास पाल की अध्यक्षता में उनके आवास पर हुई। इसमें पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी को राज्यसभा के लिए पार्टी प्रत्याशी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस मौके पर जिला महामंत्री डा.अजय सिंह, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ब्रहम्देव मिश्रा, उपाध्यक्ष राकेश शुक्ला, महामंत्री मेहीलाल गौतम, जिला मंत्री सुरेश गुप्ता, कमलेश सिंह, मीडिया प्रभारी अनुराग सिन्हा, मंडल अध्यक्ष मनोज जायसवाल, राजेश सिह आदि मौजूद थे। इसी तरह मुंगराबादशाहपुर पवारा मंडल के अध्यक्ष सुरेंद्र विक्रम सिंह व अजय दुबे, राजेश कुमार गुप्ता, दिवाकर तिवारी, योगेश मौर्य, आनंद तिवारी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की।