मौसमी बीमारियों ने बढ़ाया फलों का कारोबार, घटते प्लेटलेट्स ने बढ़ा दी बाजार में कीवी की डिमांड
कोरोना महामारी की तीसरी लहर से आशंकित लोग खान-पान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। लोग अभी से इम्युनिटी बढ़ाने का विकल्प तलाश रहे हैं। इससे पहले डेंगू के प्रकोप से घटते प्लेटलेट्स ने कीवी की मांग बढ़ा दी है। कीवी प्लेटलेट्स बढ़ाने का सबसे अच्छा स्रोत है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। कोरोना महामारी की तीसरी लहर से आशंकित लोग खान-पान पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। लोग अभी से इम्युनिटी बढ़ाने का विकल्प तलाश रहे हैं। इससे पहले डेंगू के प्रकोप से घटते प्लेटलेट्स ने कीवी की मांग बढ़ा दी है। कीवी प्लेटलेट्स बढ़ाने का सबसे अच्छा स्रोत है। इसमें विटामिन सी प्रचुर मात्रा में पाई जाती है। इस कारण इस समय इसकी मांग बढ़ गई है।
इटली और न्यूजीलैंड से हो रही है आवक : पहड़िया फल मंडी के व्यापारियों ने बताया कि इस समय कीवी की मांग बहुत बढ़ गई है। हालांकि इसका उत्पादन भारत में नहीं होता है। इस समय मंडी में इटली और न्यूजीलैंड से कीवी की आवक हो रही है। इटली की कीवी एक क्रेट बाक्स में 30 पीस आती है तो वहीं न्यूजीलैंड की कीवी 24 पीस आती है। वर्तमान में मंडी में इटली की कीवी की आवक ज्यादा है। यह लगभग 12-15 सौ क्रेट बाक्स आ रहा है। वहीं न्यूजीलैंड के कीवी की आवक पांच सौ क्रेट बाक्स के आसपास है। व्यापारी किशन सोनकर ने बताया कि डेंगू के कारण इन दिनों इसकी मांग और दाम बहुत बढ़ गई।
अन्य जिलों में भी यहीं से हो रही है आपूर्ति : पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी होने के कारण आस-पास के जिले सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, चंदौली में भी कीवी की आपूर्ति यहीं से हो रही है।
थोक में कम है दाम, फुटकर में मजबूरी के मनमाना भाव : कीवी फल का पहड़िया मंडी के थोक बाजार में तो दाम निर्धारित है। लेकिन फुटकर बाजार में दुकानदार ग्राहकों से मजबूरी का दाम वसूल रहे हैं। पहड़िया मंडी में इटली की कीवी छह सौ रुपये प्रति क्रेट है तो वहीं न्यूजीलैंड की कीवी सात सौ प्रति क्रेट के भाव है। लेकिन जब से डेंगू का प्रकोप बढ़ा है तब से फुटकर दुकानदार 35-50 रुपये पीस कीवी बेंच रहे हैं।