वाराणसी में बोले सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर - '500 का काम बीस हजार रुपये में हो रहा'
सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार की सुबह वाराणसी में थे इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार किया। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सरकार के चार साल बीतने पर उन्होंने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।
वाराणसी, जेएनएन। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर शुक्रवार की सुबह वाराणसी में थे, इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर कड़ा प्रहार किया। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सरकार के चार साल बीतने पर उन्होंने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के चार साल पर अपना मत व्यक्त किया।
सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि पहले की अपेक्षा आज थानों में भ्रष्टाचार अधिक बढ़ा है। पहले जो काम 500 में होता था वह काम अब 20 हजार रुपये में हो रहा है। अब अपराधी का धर्म देख कर कार्रवाई होती है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी का सभी काम कागजों पर होता है और जमीन पर नजर नहीं आता।
वहीं समस्या के निराकरण को लेकर उन्होंने कहा कि समय आने पर जनता जवाब देगी। वहीं महंगाई को लेकर भी उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा किया और आरोप लगाया कि आज महंगाई अपने चरम पर है। कहा कि महंगाई का आलम यह है कि आम जनता को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।