कंधे पर गंगा, हाथों में तिरंगा लेकर निकले कांवडिया, बोल बम से गूंज उठा सरयू का तट Mau news
रुद्राभिषेक जलाभिषेक व सत्यनारायण स्वामी व्रत कथा की धूम रही वहीं स्थानीय कस्बे में सरयू तट से लगायत सड़कों पर शिवभक्ति संग देशभक्ति का अनूठा संगम दिखा।
मऊ, जेएनएन। सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिरों में जहां रुद्राभिषेक, जलाभिषेक व सत्यनारायण स्वामी व्रत कथा की धूम रही वहीं स्थानीय कस्बे में सरयू तट से लगायत सड़कों पर शिवभक्ति संग देशभक्ति का अनूठा संगम दिखा। कंधे पर कांवर के कलशों में पवित्र गंगाजल और सरयूजल भरे कांवरियों ने एक हाथ में केसरिया व दूजे में तिरंगा ध्वज लेकर जब 'भारत माता की जय' और 'हर-हर महादेव' का उद्घोष किया तो पूरा क्षेत्र आस्था और उत्साह की तरंगों से निनादित हो उठा।
दूसरी ओर घरों और मंदिरों में दिन भर लोगों ने भगवान सत्यनारायण स्वामी का व्रत रख कथा सुनी तो शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक व जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। दूर-दराज से आए कांवरियों का समूह समूह सरयू तट के रामघाट पर श्रद्धा से स्नान कर जल लेकर अपने-अपने गांव की तरफ चल दिया। चारों तरफ सड़कों पर केसरिया रंग ही दिखाई दिया। सभी लोग हर-हर महादेव के नारे लगाते रहे। चारों तरफ का वातावरण भक्तिमय हो गया था। महिलाएं शिव पार्वती का भजन व मंगल गीत गाती हुई मां सरजू में डुबकी लगाईं तथा माताजी की आरती करके मां सरजू का जल कलश में भरीं।
क्षेत्र के रामघाट स्थित पंचमंदिर, जानकीघाट स्थित शिव मंदिर, गौरीशंकर घाट स्थित प्राचीन शिव मंदिर, मुक्तिधाम स्थित महाकाल द्वादश ज्योतिर्लिंग का लोगों ने दर्शन कर जलाभिषेक किया। इसी क्रम में गोंठा के झारखंडी महादेव मंदिर, गोधनी स्थित शिव मंदिर, बसियाराम, बेलौली लक्ष्मण मंदिर, बड़जाला क्षेत्र के तमाम मंदिरों में जलाभिषेक कर कांवरिए अपने गांवों की ओर रवाना हुए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप