फैजाबाद के सरफराज के घोड़े ने 34 को पछाड़कर हासिल की जीत, चार घंटे तक चली प्रतियोगिता
बड़ागांव विकास क्षेत्र के अकोढ़ा गांव में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती दंगल व घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दूसरे दिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
वाराणसी, जेएनएन। बड़ागांव विकास क्षेत्र के अकोढ़ा गांव में आयोजित दो दिवसीय कुश्ती दंगल व घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दूसरे दिन घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ आवास एवं नगर नियोजन राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा फ़िल्म अभिनेता राजपाल यादव ने किया। गिरीश यादव ने कहा की गांव में ऐसे आयोजन होने चाहिए। उन्होंने आयोजक मंडल को भी धन्यवाद दिया। वहीं राजपाल यादव ने मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा की खेल और रेस जीवन में सकारात्मक उर्जा देती है। खेल चाहे जिस भी तरह का हो खेला जाना चाहिए और खेल को बढावा भी मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी इच्छा है कि पूर्वांचल खेल का हब बने।
कोइलार, अकोढ़ा गांव में आयोजित इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार के अलग-अलग जनपदों से कुल 35 घोड़े शामिल हुए थे। 4 घंटे तक कुल 6 राउंड में चले प्रतियोगिता में फैजाबाद निवासी सरफराज खान का घोड़ा प्रथम, लखनऊ निवासी अनवर सभासद का घोड़ा द्वितीय व चौसा बक्सर निवासी वीरेंद्र यादव का घोड़ा तृतीय स्थान पर रहा। प्रथम स्थान पाने वाले सरफराज को टीवीएस स्पोर्ट बाइक, व द्वितीय स्थान पाने वाले घोड़ा मालिक को टीवीएस एक्सेल तथा तृतीय स्थान लाने वाले घोड़ा मालिक को एलईडी टीवी देकर पुरस्कृत किया गया। इनके अलावा प्रतियोगिता में शामिल हुए सभी घोड़ा मालिकों को भी आयोजक शरद सिंह भीम द्वारा स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र देकर उनका हौसला अफजाई किया गया। इस दौरान आयोजक मंडल द्वारा महाराष्ट्र के पूर्व राज्य मंत्री चंद्रकांत तिवारी, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, पिंडरा के पूर्व विधायक अजय राय, अंतरराष्ट्रीय नरसिंह यादव व संदीप तुलसी यादव, उद्योगपति विजय सिंह व पवन सिंह, दीपक सिंह, नौसाद खान सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। प्रतियोगिता को देखने के लिए सैकडों की संख्या में ग्रामीण पंहुचे थे।