सरस मेला वाराणसी-2026 का शुभारंभ, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की दिखी झलक
वाराणसी में दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत रीजनल सरस मेला 2026 का शुभारंभ हुआ। जिला पंचायत ...और पढ़ें

वाराणसी में रीजनल सरस मेला 2026 का आगाज, महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला सशक्त मंच।
HighLights
वाराणसी में रीजनल सरस मेला 2026 का भव्य शुभारंभ।
विभिन्न राज्यों के 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मिला सशक्त बाजार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला वाराणसी-2026 का शुभारंभ शुक्रवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य एवं जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विख्यात शंख वादक राम जनम योगी ने शंखनाद कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों जैसे तेलंगाना, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र के 100 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें सिल्क साड़ी, जूट बैग, कालीन, अचार-मुरब्बा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाद्य पदार्थ आदि शामिल हैं। वाराणसी में यह सरस मेला पांचवीं बार आयोजित किया जा रहा है।
भारत सरकार और राज्य सरकार के सहयोग से रीजनल सरस मेले का आयोजन राजधानी लखनऊ और सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में किया जाता है। समय-समय पर मंडल स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मेले का आयोजन कर महिला समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने का कार्य किया जाता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने महिलाओं के आजीविका कार्यों की सराहना की और उन्हें प्रेरित करते हुए माननीय प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी योजना लखपति कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने वाराणसी की महिलाओं को अन्य प्रदेशों से आई महिलाओं के उत्पादों और समूहों से समन्वय कर अनुभव साझा करने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने उदबोधन में कहा कि विभिन्न प्रदेशों में करोड़ों परिवार समूह से जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश में एक करोड़ से अधिक परिवार विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हैं और विभिन्न प्रकार की आजीविका परक गतिविधियों में लगे हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को एक नई पहचान मिली है।
महिलाएं अपने परिवार की आय बढ़ाने में पुरुष सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दे रही हैं। वाराणसी में आजीविका मिशन के अंतर्गत अब तक 1.47 लाख महिलाएं जुड़ चुकी हैं। प्रधानमंत्री जी की योजना लखपति दीदी के अंतर्गत जनपद में 81 हजार से अधिक महिलाएं लखपति महिला के रूप में चिन्हित हैं।
मेले में आई महिलाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी को किसी न किसी आजीविका से जुड़ने का आह्वान किया। महानगर अध्यक्ष भाजपा ने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) वाराणसी पवन कुमार सिंह ने मेले की रूपरेखा और आयोजन के उद्देश्य पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन सुजीत चौबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी संजय नायक ने किया। पूर्व में आयोजित मेले में समूह उत्पादों की मांग अच्छी रही थी, जिससे इस बार भी मेले में आए समूहों को अच्छी आमदनी होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के पहले दिन सांस्कृतिक प्रस्तुति पंडित दुर्गा प्रसाद की टीम द्वारा की गई। इस अवसर पर विभिन्न समूहों से आई सैकड़ों महिलाएं एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
