चंदौली में धरने पर बैठे सपा के पूर्व सांसद, दर्ज होगा भाजपा विधायक पर मुकदमा
चंदौली में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव एवं जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने एसपी से मिलकर भाजपा नेता पर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
चंदौली, जेएनएन। बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी करने का मामला गर्मा गया है। सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव एवं जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने एसपी से मिलकर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। एसपी ने कानूनी कार्रवाई को तहरीर मांगते हुए दो घंटे में केस दर्ज करने का भरोसा दिया। लेकिन उसके बावजूद पूर्व सांसद साथियों के साथ धरने पर बैठ गए। भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे सियासत गर्माने लगी है।
भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री पंकज सिंह शनिवार को बबुरी में किसानों के बीच कार्यक्रम करने आए थे। उस कार्यक्रम में भाजपा पीडीडीयू नगर की विधायक साधना सिंह भी पहुंची थी। आरोप है कि साधना सिंह ने बसपा सुप्रीमों के खिलाफ अशोभनीय बातें कहीं। मंच से कही गई उनकी बातें मीडिया में सुर्खियां बनी तो सियासत गर्मा गई। रविवार सुबह सपा के पूर्व सांसद ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल से बात कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने वीडियो देखने के बाद निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। पूर्वाह्न 11 बजे पूर्व सांसद एसपी संतोष कुमार सिंह से मुलाकात करने पहुंचे।
रामकिशुन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उधर सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व ही भाजपा के लोगों की हताशा नजर आने लगी है। मंच से अशोभनीय बातें कहीं जाने लगीं हैं। इसका समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। भाजपा विधायक साधना सिंह का मोबाइल स्वीच आॅफ होने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।