सलिल का बढ़ा ओहदा, काशी क्षेत्र के प्रभारी की मिली कमान
वाराणसी : भाजपा संगठन में वरिष्ठ पदाधिकारियों के कामकाज में परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो
वाराणसी : भाजपा संगठन में वरिष्ठ पदाधिकारियों के कामकाज में परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई को काशी क्षेत्र के प्रभारी की कमान सौंपकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। ऐसा माना जा रहा है कि नगर निगम चुनाव में प्रभारी रहते हुए पार्टी को बड़ी सफलता दिलाने के चलते ही पार्टी ने उन्हें दोहरी भूमिका सौंपी है।
मंगलवार को डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने क्षेत्रीय और मुख्यालय प्रभारी के नाम की घोषणा की। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक पहले कानपुर-बुंदेलखंडके प्रभारी थे। लेकिन अब उन्हें पश्चिम क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर को अवध क्षेत्र, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह को गोरखपुर, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल को बृज, अशोक कटारिया को कानपुर-बुंदेलखंड का प्रभारी घोषित किया गया है। प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर को मुख्यालय का प्रभारी बनाया गया है। सलिल विश्नोई का कहना है कि नगर निगम में पार्टी को बड़ी सफलता मिली थी। पार्टी पदाधिकारियों के साथ जल्द ही बैठक कर आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। पूरी उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में पिछले बार से भी ज्यादा सीट पर पार्टी को सफलता मिलेगी।
उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मिशन 2019 की तैयारी को लेकर कई और बदलाव हो सकते हैं। इसी क्रम में ही सलिल को इनाम मिला है। महापौर चुनाव में सफलता के बाद पार्टी ने इस बाबत फैसला लिया है वहीं प्रभारी के पद से बाल पुष्टाहार मंत्री अनुपमा को हटाया जाना भी इसी बदलाव का क्रम माना जा रहा है।