विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में शुरू होने वाला है रोपवे, 15 मिनट में कैंट से गोदौलिया का तय होगा सफर, किराया भी हो चुका है तय

By Pradyuman Pandey RamuEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 12 Sep 2026 12:23 PM (IST)

मंडलायुक्त ने वाराणसी रोपवे परियोजना का औचक निरीक्षण किया, जिसकी 94.35% भौतिक प्रगति है। यह परियोजना कैंट से गोदौलिया तक ...और पढ़ें

प्रशासन‍िक अध‍िकार‍ियों ने रोपवे स्‍टेशन का दौरा कर पूरी जानकारी ली।

प्रशासन‍िक अध‍िकार‍ियों ने रोपवे स्‍टेशन का दौरा कर पूरी जानकारी ली।

HighLights

  1. मंडलायुक्त ने वाराणसी रोपवे परियोजना का औचक निरीक्षण किया।

  2. परियोजना की भौतिक प्रगति 94.35 प्रतिशत, जल्द होगी शुरू।

  3. कैंट से गोदौलिया का सफर 15 मिनट में, किराया भी तय।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की रोपवे परियोजना के कार्यों का मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गुरुवार को औचक स्थलीय निरीक्षण किया है। 3.85 किमी लंबी कैंट से गोदौलिया तक की इस परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 94.35 प्रतिशत बताई गई। परियोजना के पूर्ण होने के बाद यह रोपवे 16 घंटे प्रतिदिन संचालित होगा और कैंट से गोदौलिया का सफर मात्र 15 मिनट में पूरा करेगा।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कैंट स्टेशन पर धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सभी मेजर फिनिशिंग कार्य 25 सितंबर तक पूरा करने, एफओबी व शिखर के कार्य में तेजी लाने, एस्केलेटर, लिफ्ट, रेलिंग की सफाई तथा बैगेज स्कैनर और अन्‍य कार्यों को प्राथमिकता पर करने का निर्देश दिया।

विद्यापीठ स्टेशन पर स्टॉर्म वाटर इंटरकनेक्शन 15 सितंबर तक और रथयात्रा स्टेशन पर सीवर/वाटर लाइन इंटरकनेक्शन 15 सितंबर तक पूरा करने के लिए कहा गया। गिरजाघर स्टेशन पर लाइटिंग व फसाड का कार्य शीघ्र पूरा करने और गोदौलिया स्टेशन पर डी-बोर्डिंग व बोर्डिंग साइड का कार्य 31 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान एनएचएलएमएल की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा व कंसेशनायर निदेशक एस. सुब्बा राव भी उपस्थित रहे।

रोपवे का कि‍राया

कैंट से गोदौलिया (पूरा रूट) का सामान्य किराया ₹50 निर्धारित किया गया है, जबकि काशी स्मार्ट पास धारकों के लिए यह ₹40 होगा। कैंट से विद्यापीठ का किराया 10 रुपये (स्मार्ट पास पर कम) और विद्यापीठ से रथयात्रा का किराया 8 रुपये (स्मार्ट पास धारकों के लिए) होगा। प्रीमियम गोंडोला (केबिन) का किराया 2,000 रुपये प्रति यात्रा तय किया गया है, जबकि किसी समूह या संस्था द्वारा एडवांस बुकिंग करने पर 1,200 रुपये प्रति यात्रा लगेगा। तय किराए में हर साल 1 अप्रैल से 5% की वृद्धि होना तय क‍िया गया है। 

इसके अतिरिक्त, टिकट धारकों को कैंट स्टेशन पर 2 घंटे के लिए मुफ्त लगेज स्टोरेज (लॉकर) की सुविधा भी मिलेगी। वाराणसी रोपवे परियोजना न केवल शहर के परिवहन को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षण का केंद्र बनेगी।

इस परियोजना के माध्यम से वाराणसी की ऐतिहासिकता और सांस्कृतिक धरोहर को भी बढ़ावा मिलेगा। मंडलायुक्त के निरीक्षण से यह स्पष्ट होता है कि प्रशासन इस परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए गंभीर है और सभी आवश्यक कदम उठा रहा है। वाराणसी में परिवहन के इस नए माध्यम से न केवल स्थानीय निवासियों को लाभ होगा, बल्कि यह शहर की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।

इसी साल चालू होगा 

वाराणसी रोपवे परियोजना के कार्यों की प्रगति और प्रशासन की सक्रियता से यह उम्मीद की जा रही है कि यह परियोजना जल्द ही जनता के लिए उपलब्ध होगी। माना जा रहा है क‍ि आगामी वर्ष में यूपी चुनाव के ल‍िहाज से इसे जल्‍द ही चालू क‍िया जा सकता है। वहीं प्रशान‍िक तैयार‍ियां बता रही हैं क‍ि इसे पीएम के अगले काशी दौरे में ही शुरू कि‍या जा सकता है।