विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहन‍िया विधायक का रिपोर्ट कार्ड : नव शहरी क्षेत्र सीवर और जलनिकासी की समस्या से जूझ रहा है

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 09 Sep 2026 05:06 PM (IST)

रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के रिपोर्ट कार्ड में विकास कार्यों के साथ-साथ नव शहरी क्षेत्रों में सीवर और जल ...और पढ़ें

रोहनिया विधानसभा: विकास के दावे और सीवर-जल निकासी का संकट।

रोहनिया विधानसभा: विकास के दावे और सीवर-जल निकासी का संकट।

HighLights

  1. नव शहरी क्षेत्र सीवर और जल निकासी की गंभीर समस्या।

  2. विधायक ने 16 करोड़ से अधिक के विकास कार्य कराए।

  3. मोहनसराय-अदलपुरा सड़क क्षतिग्रस्त, जनता जलभराव से जूझ रही।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। रोहनियां विधानसभा क्षेत्र से अपना दल एस के विधायक डा. सुनील पटेल हैं। 2009 में परिसीमन के समय गठित यह जिले का ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र था। समय के साथ इसका काफी हिस्सा वर्तमान में शहरी हो गया है। सड़कों के चौड़ीकरण और सुगम यातायात की वजह से लगातार नई कालोनियां स्थापित हो रहीं हैं।

इतना ही नहीं विधानसभा क्षेत्र का काफी हिस्सा 2023 से नगर निगम की सीमा में शामिल हो गया। इसके बावजूद विकास के साथ सबसे बड़ी समस्या सीवर और जलनिकासी की बनी हुई है।

क्षेत्र में पूरी तरह से शहरी क्षेत्र हो चुके सुसुवाही-करौंदी मार्ग पर सीवर की व्यवस्था नहीं है। इसका टेंडर हुआ है लेकिन अभी तक काम नहीं हुआ। सीवर और जलनिकासी की समस्या डाफी-सीर से भगवानपुर तक सड़क के दोनों तरफ बसी आबादी जूझ रही है। अखरी से चितईपुर मार्ग की भी यही दशा है। शहर को जोड़ने वाले इन प्रमुख मार्गों पर 100 से अधिक कालोनियां विकसित हो गईं हैं। बरसात में जल जमाव से मुख्य मार्ग से लगायत कालोनियों तक लोगों को जूझना पड़ता है।

कुछ निचले इलाकों में तो लोगों के घरों तक पानी घुस जाता है। वैसे विधायक ने करौंदी नाला स्थित पुलिया से बीएचयू बाउंड्री से सटे मार्ग से हैदराबाद गेट होते हुए कालोनी मोड़ तक स्टार्म वाटर ड्रेन का निर्माण कार्य कराया है। इससे कुछ इलाकों में राहत भी मिली है। रमना से तारापुर तक लगभग तीन किलोमीटर तटबंध का काम नहीं हुआ। प्रतिवर्ष बाढ़ में ये आठ गांवों के एक लाख लोग प्रभावित होते हैं। बीते चार वर्ष ही नहीं पिछले 15 वर्ष से बातें तो बहुत हुईं लेकिन फंड और टेक्निकल समस्या आती रही है।

विधानसभा क्षेत्र की एक बड़ी समस्या मोहनसराय-अदलपुरा की क्षतिग्रस्त सड़क है। दो साल से गिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। काम आगे नहीं बढ़ रहा है। विधायक के आश्वासन के बाद भी निजात नहीं मिली। क्षेत्र के विकास के लिए विधायक डा. सुनील पटेल ने विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत लगभग 16 करोड़ रुपये से अधिक व्यय किए हैं।

इससे क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में विशेष रूप से बिजली, सोलर लाइट, विद्युत हाई मास्ट लाइट, मार्ग प्रकाश, इंटरलाकिंग, सीसी रोड आदि के विशेष कार्य हुए हैं। गांव-गांव नालियों का निर्माण, विद्यालयों के सुंदरीकरण, बाउंड्रीवाल आदि के निर्माण पर बल दिया गया है। इनसे जनता की मांग पर विकास के कार्य के शिलान्यास किए जा रहे हैं।

इसी क्षेत्र में मोहनसराय-रोहनिया-लहरतारा सिक्सलेन का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही मोहनसराय, खेवसीपुर में रिंगरोड पर फुट ओवरब्रिज, खेवसीपुर में एएनएम केंद्र का निर्माण, गंगापुर में निबंधन कार्यालय भवन का निर्माण कार्य कराया गया।विकास कार्य को लेकर कई ग्राम सभाएं संतृप्त हो गईं हैं। क्षेत्र में राज्य और केंद्र सरकार का काफी विकास कार्य हुए।

बोले व‍िधायक
जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हमने विगत चार वर्ष में विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से प्रस्तावित सभी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए ज्यादातर धन से विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके अलावा अन्य निधियों से भी क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई गई है। इसमें लोहरापुर में कस्तुरबा गांधी बालिका कालेज, हरदत्तपुर-राजातालाब के मध्य रेल उपरिगामी पुल का निर्माण, करसड़ा में मिनी स्टेडियम, परमपुर अकेलवा-लोहता मार्ग पर चार लेन रोड, हरहुआ-अकेलवा मार्ग पर लहिया-भतसार-गोसाईपुर मार्ग निर्माण, महादेव घाट पर वरुणा नदी पर पुल, गढ़वाघाट आश्रम के पास गंगाघाट पर सुंदरीकरण, मांडवी तालाब का विकास कार्य, मुड़ादेव स्थित महादेव मंदिर, रामेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास आदि कार्य हुए हैं। -डा. सुनील पटेल--विधायक रोहनिया विधानसभा क्षेत्र।

बोले रनर

रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गिनती की जाती है लेकिन जनता की समस्याओं की अनदेखी भी हुई है। मोहनसराय से अदलपुरा मार्ग की स्थित काफी खराब है जिस पर ध्यान नहीं दिया गया। मोढैला से मंडुआडीह मार्ग पर कांवरियों को पानी और कीचड़ से गुजरना पड़ता है। सड़कों पर विकास पानी और सीवर के रूप में बह रहा है। जनता की मूलभूत समस्याओं के निजात कि लिए काफी कार्य करने की जरूरत है। - अभय पटेल उपविजेता, अपना दल कमेरावादी।

बोली जनता
शहर में हुए अनियोजित विकास के कारण सभी प्रमुख मार्ग पर समस्या है। सुसुवाही से करौंदी मार्ग पर विगत कई वर्षों से जल जमाव के कारण क्षेत्र के लोग परेशान हैं। बीएचयू से सटा क्षेत्र होने के कारण बच्चे और दर्जनों कालोनी के लोगों को बरसात में मुसीबत होती है। जल जलाव से सड़क भी खराब हो जाती है। - अतुल राय, आर्किटेक्ट

डाफी से भगवानपुर मार्ग पर जल निकासी और सीवर की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या होती है। इस प्रमुख मार्ग से बीएचयू , ट्रामा सेंटर और शहर को जोड़ने वाला है। सीर में देश विदेश के श्रद्धालु आते हैं। अखरी से भिखारीपुर मार्ग की हालत भी बरसात में काफी खराब रहती है। - डा. अवधेश मिश्र--डाफी, नैपुरा।

हरिहरपुर गांव में विधायक ने पिचरोड निर्माण कराने से काफी सहूलियत हुई है। इसके चलते पटेल व विश्वकर्मा बस्ती तक चार पहिया वाहन पहुंच जाता है। गांव के महाकाली नगर में इंटरलाकिंग कार्य होने से कालोनी वासियों को काफी राहत मिली है अक्सर ही लोग गिर कर चोटिल होते थे। -नीरज सिंह, हरिहरपुर।

निश्चित रूप से क्षेत्र में विकास कार्य हुए हैं। इसके बावजूद मोहनसराय चौराहा पर अदलपुरा मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण जगह-जगह हुए गड्ढे में बारिश का पानी भर जाता है। आए दिन लोग गिरकर लोग घायल होते रहते हैं। इसका तत्काल निर्माण कराना चाहिए। -बब्बू सिंह, गंगापुर।

रोहनियां विधानसभा क्षेत्र
4184921--कुल मतदाता
229398--पुरुष मतदाता
189067--महिला मतदाता