रोडमैप तैयार ; शहर में 51 इलेक्ट्रिक बसें महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ेंगी, राजातलाब में बनेगा टर्मिनस
शहर में लंका से 51 इलेक्ट्रिक बसें महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ेंगी। रोडवेज प्रशासन ने इसका रोडमैप तैयार कर लिया है। राजातलाब में टर्मिनस बनेगा।
वाराणसी, जेएनएन। शहर में लंका से 51 इलेक्ट्रिक बसें महत्वपूर्ण इलाकों को जोड़ेंगी। रोडवेज प्रशासन ने इसका रोडमैप तैयार कर लिया है। राजातलाब में टर्मिनस बनेगा, जिसके लिए भूमि खरीद की औपचारिकताएं पूर्ण हैं। निजी कंपनियों (पीपीपी माडल) की सहभागिता से काशीवासियों की इलेक्ट्रिक बसों पर सवारी करने की आस जल्द पूरी होगी।
कहां से कहां दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
रोडवेज प्रशासन ने जो रणनीति बनाई है, उस मुताबिक लंका से एयरपोर्ट, राजघाट, टीएफसी (हस्त कला संकुल बड़ा लालपुर) को जोड़ेंगी। मसलन से लंका से आना-जाना पूरे दिन बना रहेगा।
राजातलाब में भूमि खरीदने की औपचारिका पूर्ण
राजातलाब में इलेक्ट्रिक बसों का टर्मिनस बनाया जाना है। भूमि खरीद की औपचारिकता पूर्ण है। रोडवेज प्रशासन को भूमि मिलते ही कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस निर्माण कार्य शुरू कर देगी। असल में टर्मिनस का माडल पहले से एप्रूव है। निजी कंपनियों के इसमें शामिल होने से टर्मिनस जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा, जिसके बाद बसें रफ्तार भरना शुरू कर देंगी।
बोले अधिकारी : औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। इस माह कार्य आरंभ हो सकता है। आपरेशन की जिम्मेदारी रोडवेज प्रशासन की होगी।
-एसएन पाठक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, सिटी बस डिपो।