विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशीवासियों को मिली साबरमती एक्सप्रेस की सौगात, उद्घाटन के बाद राजस्‍थान से होगी कनेक्‍ट‍िव‍िटी

By Anoop AgrahariEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 08:18 PM (IST)

काशीवासियों के लिए साबरमती से वाराणसी के बीच नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन शुक्रवार को किया जाएगा। यह नई ...और पढ़ें

साबरमती एक्सप्रेस से काशीवासियों को मिली गुजरात-राजस्थान की सीधी कनेक्टिविटी।

साबरमती एक्सप्रेस से काशीवासियों को मिली गुजरात-राजस्थान की सीधी कनेक्टिविटी।

HighLights

  1. साबरमती-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शुक्रवार को उद्घाटन होगा।

  2. यह ट्रेन गुजरात और राजस्थान के यात्रियों को राहत देगी।

  3. ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण वाराणसी में किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशीवासियों के लिए खुशखबरी है। साबरमती (अहमदाबाद) से वाराणसी के बीच नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन शुक्रवार को किया जाएगा। साबरमती स्टेशन पर आयोजित समारोह के दौरान हरी झंडी दिखाई जाएगी। इस नई रेल सेवा से गुजरात और राजस्थान जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या - 09405 उद्घाटन स्पेशल ट्रेन शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे साबरमती स्टेशन से प्रस्थान करेगी। विभिन्न मार्गों से होकर अगले दिन शनिवार को सुबह 11.40 बजे वाराणसी जंक्शन आएगी। इस ट्रेन में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के एक, द्वितीय श्रेणी के दो, तृतीय श्रेणी के छह, शयनयान श्रेणी के छह और सामान्य श्रेणी के पांच कोच लगाए जा रहे हैं।

वाराणसी से शाम 5.30 बजे होगी रवाना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी-साबरमती दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शाम 5.30 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन रात 8.15 बजे साबरमती स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 12205 साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस सुबह 5.20 बजे साबरमती स्टेशन से प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6.30 बजे वाराणसी जंक्शन आएगी।

यहां मिलेगा ठहराव

इस ट्रेन का ठहराव मीरजापुर, सूबेदारगंज (प्रयागराज), गोविंदपुरी (कानपुर), टूंडला, ईदगाह आगरा, भरतपुर, बांदीकुई, गांधीनगर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, पालनपुर और मेहसाणा स्टेशनों पर दिया जाएगा।

वाराणसी में होगा प्राथमिक अनुरक्षण

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण (प्राइमरी मेंटेनेंस) वाराणसी में ही किया जाएगा। इसके लिए तीन एलएचबी रेक आवंटित किए गए हैं। वहीं, गोविंदपुरी, टूंडला और जयपुर स्टेशनों पर वाटरिंग की व्यवस्था की जाएगी। व्यापारियों और छात्रों में इस नई ट्रेन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।