गणतंत्र दिवस : देशभक्ति के रंग में रंगा बाजार, तिरंगा के विविध वस्तुओं की हो रही खरीदारी
गणतंत्र दिवस की तैयारी में पूरा देश लगा हुआ है। वहीं बाजार में भी गणतंत्र दिवस को खास बनाने के लिए ढेरों उपहार हैं।
वाराणसी, जेएनएन। गणतंत्र दिवस की तैयारी में पूरा देश लगा हुआ है। कहीं इस दिन सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा तो कहीं अनाथालय के बच्चों संग गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी है। वहीं बाजार में भी गणतंत्र दिवस को खास बनाने के लिए ढेरों उपहार हैं।
उपहार तरंगा
गणतंत्र दिवस पर उपहार के लिए तिरंगा हेयर बैंड, ब्रेसलेट, कैप, पेंडेंट के साथ ही हेयर स्प्रे भी हैं। इसके अलावा तिरंगा कैंडिल, झालर व लैंप्स की भी डिमांड है।
केक भी खास
बेकरी विक्रेता अमित कुमार बताते हैं कि गणतंत्र दिवस पर इस बार तिरंगे वाले केक की डिमांड बढ़ गई है। ज्यादातर लोग छोटे बड़े आकार में इस केक का आर्डर दे रहे हैं। खास बात यह कि इसमें देश के क्रांतिकारियों की फोटो भी बनवाया जा रहा है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी व अमित शाह के चित्रों की भी डिमांड है।
परिधान व मेकअप में भी झलकेगी देशभक्ति
फैशन डिजाइन प्रिया अग्रवाल बताती हैं गणतंत्र दिवस के लिए तिरंगा परिधान तो महिलाओं के लिए खास है। इस बार वेस्टर्न व परंपरागत दोनों में तिरंगा परिधान चलन में है। विशेष तौर से तिरंगा साड़ी का कांबिनेशन महिलाओं को पसंद आ रहा है। इसके साथ ही मेकअप में भी केसरिया, हरा व सफेद रंग को मिक्स मैच किया जा रहा है। इसमें आईशैडो और नेलपेंट्स में खूब प्रयोग हो रहे हैं।